16 दिसंबर तक बनवा सकेंगे वोटर कार्ड, विशेष अभियान में बीएलओ रहेंगे मौजूद

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आलेख्य निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों एवं निर्धारित गतिविधियों की जानकारी दी गई।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील), पदाभिहित स्थलों एवं मतदान केंद्रों पर आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। जनसामान्य अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र मतदाता, मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपात्र नामों को अपमार्जित कराने तथा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन कर सकेंगे।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर जनपद के संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे। मतदाता सूची में नया नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा किया जा सकता है।


बैठक में भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिलामंत्री पंकज झा, सपा जिला प्रभारी अनूप तिवारी, बहुजन समाज पार्टी से जिला महासचिव राजकुमार गुर्जर, जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, विधानसभा संयोजक मुकेश राठी, आम आदमी पार्टी से जिला अध्यक्ष दिलदार अंसारी, उपाध्यक्ष यतेंद्र शर्मा सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह उपस्थित रहे।