जन प्रवाद, ब्यूरो।
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जनपद में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट को घेर लिया है। सुरक्षा बलों ने उसे वीडियो कॉल किया और सरेंडर करने को कहा। उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह खुश है और उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है। लगातार पूरे इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। आतंकी को जिंदा पकड़ने की हर कोशिश की जा रही है। आपको बता दें कि लतीफ भट 11 नवंबर को सीआरपीएफ चेकपॉइंट पर हुए हमले में शामिल था।

एक पुलिस अधिकारी ने लतीफ भट से कहा कि तुम सरेंडर कर दो, हम तुम्हारे साथ हैं। उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और इसके जवाब में कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। आपको बता दें कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले मुठभेड़ शुरू हुई।
इससे पहले सोमवार को दक्षिण कश्मीर के इस जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार नाम के आतंकवादी को मार गिराया था। डार 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों में से एक था। भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से बचकर फरार हो गया था। ऐसा माना जा रहा है कि भट और डार, दोनों ने 11 नवंबर को सीआरपीएफ की चौकी पर हमला किया था जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया।





