जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। फिलीपींस की राजधानी मनीला में दो साल बाद हुई क्वाड समिट से कई संदेश निकले। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और आॅस्ट्रेलिया के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, समंदर की सुरक्षा और मजबूत आर्थिक साझेदारी पर चर्चा हुई। वहीं चीन और पाकिस्तान को कड़ा और साफ रणनीतिक संदेश दिया गया।
फिर दिखा पीएम मोदी का रुतबा
क्वाड समिट की आई तस्वीरों में पीएम मोदी का रुतबा एक बार फिर दुनिया ने देखा। अमेरिका में मिड टर्म चुनाव में करारी हार और भारत के बढ़ते रुतबे का प्रमाण है कि डोनाल्ड ट्रंप पीएम मोदी के सामने मक्खनबाजी करते नजर आए। बैठक से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें पीएम मोदी भारतीय तिरंगे को उठाते दिख रहे हैं। बता दें कि चारों देशों के नेताओं का एक साझा फोटो सेशन आयोजित किया जा रहा था। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में नेताओं की पोजिशन तय करने के लिए फर्श पर छोटे-छोटे निशान या संबंधित देशों के झंडे लगाए जाते हैं। इससे फोटो सेशन के दौरान नेताओं को निर्धारित जगह पर खड़ा होने में मदद मिलती है। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी जगह की तरफ बढ़े, उनकी नजर अचानक जमीन पर पड़ी। वहां भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा रखा हुआ था। पीएम मोदी ने बिना किसी देरी के अपना कदम रोक लिय। वे तुरंत नीचे झुके और पूरे सम्मान के साथ जमीन पर रखे तिरंगे को उठाकर अपनी जेब में रख लिया। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी पीठ थपथपाई और कहा कि इसे सुरक्षित रखिए। इस दौरान वहां मौजूद अन्य नेता भी मुस्कुराते नजर आए। व्हाइट हाउस की ओर से भी इस घटना का वीडियो शेयर किया गया है।
इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति पर चर्चा
बता दें कि फिलीपींस की राजधानी मनीला में दो साल बाद क्वाड समिट की बैठक हुई। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया के बड़े नेताओं ने मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, समंदर की सुरक्षा और मजबूत आर्थिक साझेदारी पर चर्चा की। इस बैठक के बाद जारी साझा बयान में पहलगाम हमले के बाद पहली बार सीमा पार आतंकवाद की खुलकर निंदा की गई है। इसमें चीन और पाकिस्तान को कड़ा और साफ रणनीतिक संदेश दिया गया। 4 देशों के प्रमुख नेताओं ने महाबैठक में कई लंबित मुद्दों पर बातचीत की। आसियान सम्मेलन के बीच आयोजित बैठक में पीएम मोदी, डोनाल्ड ट्रंप, जापान की पीएम साने ताकाइची और आॅस्ट्रेलिया के पीएम एंथोनी अल्बनीज ने हिस्सा लिया।
हाई-लेवल बैठक में कई फैसले
मनीला में हुई इस
हाई-लेवल बैठक में कई ऐसे बड़े फैसले लिए गए जो इंडो-पैसिफिक क्षेत्र का नक्शा बदल सकते हैं। क्वाड नेताओं ने साफ कहा कि कोई भी देश ताकत के बल पर मौजूदा हालात को बदलने की कोशिश न करे। इसके अलावा, देशों पर आर्थिक प्रेशर डालने और मनमाने तरीके से चीजों के एक्सपोर्ट पर रोक लगाने को लेकर भी गहरी चिंता जताई गई। इसके अलावा 2027 की शुरूआत में पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम को कराने का ऐलान हुआ है। इसमें चारों देशों के बड़े कारोबारी, अफसर और पॉलिसी बनाने वाले एक्सपर्ट शामिल होंगे। इससे प्राइवेट सेक्टर में बिजनेस के रिश्तों को और ज्यादा मजबूत किया जा सकेगा। इस बैठक में
अटलांटा में विदेश मंत्रियों द्वारा घोषित एआई एक्सेलेटर को हरी झंडी भी दी गई। यह इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भरोसेमंद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक, उसके प्रसार और निवेश को और मजबूत करेगी।
समंदर की सुरक्षा होगी अहम
चारों देशों ने समंदर की सुरक्षा और जानकारी शेयर करने के लिए इंडो-पैसिफिक मैरीटाइम सर्विलांस कोलैबोरेशन नाम की एक नई शुरूआत की गई है। इसके तहत 2027 में क्वाड देशों के गश्ती विमान पहली बार आपस में मिलकर संयुक्त समुद्री अभ्यास करेंगे। क्वाड पार्टनरशिप फॉर केबल कनेक्टिविटी एंड रिजिलिएंस के जरिए बातचीत और इंटरनेट के सुरक्षित नेटवर्क को और फैलाने पर सहमति बनी है। इसमें आॅस्ट्रेलिया ने बिजली के केबलों पर खास ध्यान देने का नया बीड़ा उठाया है। इसके अलावा, हिंद महासागर में नए अंडरसी केबल प्रोजेक्ट्स लाने का ऐलान भी किया गया। इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों ने सबका ध्यान खींचा। पीएम मोदी ने क्वाड को एक कंस्ट्रक्टिव और भरोसेमंद साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच आपदा राहत से लेकर नई तकनीकों तक हर मोर्चे पर दुनिया को ठोस समाधान दे रहा है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत रखना और भविष्य की नई तकनीकों में आपसी सहयोग बढ़ाना समय की सबसे बड़ी मांग है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में संतुलन पर चर्चा
इस बैठक के केंद्र में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और संतुलन का मुद्दा रहा। जिस पर चारों नेताओं ने खुलकर जोर दिया कि इस इलाके में नियम-कानून आधारित व्यवस्था का पालन होना चाहिए। चीन की बढ़ती दादागिरी के बीच यह संदेश साफ है कि अब इस समंदर में किसी एक देश की तानाशाही नहीं चलेगी। इससे साफ हो गया है कि अमेरिका अपने हिंद-प्रशांत सहयोगियों के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहेगा। इस बैठक में पीएम मोदी की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत को इस मंच पर अभूतपूर्व मजबूती मिली।





