मुठभेड़ में लश्कर के आतंकवादी के मारे जाने पर शाह ने देश के बहादुर जवानों को किया सलाम

नयी दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी के बुधवार को मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच ‘‘अत्यंत उच्च स्तर का तालमेल’’ देखने को मिला। सुरक्षाबलों ने बुधवार सुबह दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट को मार गिराया। भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी और उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार अपील किए जाने के बावजूद आत्मसमर्पण नहीं किया। 

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से घाटी में लश्कर के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को आज तड़के कुलगाम में एक अभियान के दौरान मार गिराया गया।’’ शाह ने कहा कि भट के एक आतंकवादी साथी उमर निसार को भी इससे पहले कुलगाम में मार गिराया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘पूरे अभियान के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।’’ अधिकारियों के अनुसार, भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को किए गए उस हमले में शामिल थे जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। डार सोमवार को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था।