जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। भारत को साल 2027 का पर्यटन गंतव्य चुना गया है। इसमें गुजरात और दार्जिलिंग को दुनिया की 50 बेहतरीन घूमने की जगहों में शामिल किया गया है। हिमालय के नजारे और ऐतिहासिक टॉय ट्रेन ने दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। अगर आप भी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो देश की इन कुछ खूबसूरत जगहों को मिस न करें।
ट्रैवल प्लस लीजर ने किया चुनाव
पर्यटन क्षेत्रों की जानकारी देने वाली वैश्विक पत्रिका ट्रैवल प्लस लीजर ने भारत को वर्ष 2027 का पर्यटन गंतव्य चुना है। वहीं, लोनली प्लैनेट ने भी भारत को दुनिया की बेहतरीन घूमने की जगहों की सूची में जगह दी है। इसमें गुजरात और दार्जिलिंग को खास स्थान मिला है। इस सूची में दुनिया की कुल 50 जगहों के नाम हैं। इसमें 25 पर्यटन स्थल और 25 यात्रा अनुभव शामिल हैं। ट्रैवल प्लस लीजर पत्रिका में प्रकाशित लेखों ने यह साफ कर दिया है कि भारत को अब केवल एक देश के तौर पर घूमने की जगह नहीं बल्कि यहां के अलग-अलग क्षेत्रों और उनके खास अनुभवों को भी दुनिया के सामने पहचान मिल रही है। गुजरात और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग का चयन इसी बढ़ती अंतरराष्ट्रीय दिलचस्पी को दर्शाता है।
वन्यजीव केंद्र कर रहें आकर्षित
ट्रैवल प्लस लीजर के अनुसार भारत के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल, वन्यजीव संरक्षण केंद्र और यहां की खूबसूरत वादियां दुनिया के पर्यटकों को पहले से ज्यादा आकर्षित कर रही हैं। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गुजरात के कच्छ का घूमने की एक अनोखी जगह है। ये जगह देखने में सामान्य रेत वाला रेगिस्तान लग सकता है लेकिन ये नमक और मिट्टी से बना मौसमी दलदली मैदान है। इस समय यहां रण उत्सव की शुरूआत होती है। पूर्णिमा की रात को चांदनी में चमकता हुआ सफेद रेगिस्तान किसी जादुई नजारे से कम नहीं लगता है।
लोनली प्लैनेट की सूची
दुनिया की सबसे प्रसिद्ध और विश्वसनीय यात्रा गाइडबुक लोनली प्लैनेट के अनुसार गोवा को भारत की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक माना गया है। जो लोग घूमने-फिरने का शौक रखते हैं, उनकी लिस्ट में गोवा का नाम सबसे ऊपर होता है। यहां समुद्र का शांत जल पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। यहां ऐतिहासिक चर्च और पुर्तगाली आर्किटेक्चर भी देखने लायक हैं। साथ ही अपनी अलग पहचान और सांस्कृतिक महक के लिए राजस्थान के पर्यटक स्थल देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए अच्छा गंतव्य स्थल माना जाता है। उदयपुर के लोक संगीत, पारंपरिक भोजन और मेहमाननवाजी हर यात्रा को यादगार बना देती है। पछोला झील में नाव की सवारी, सिटी पैलेस की भव्यता और सज्जनगढ़ किले से सनसेट का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है। उदयपुर की संकरी गलियां, रंग-बिरंगे बाजार और राजशाही ठाठ-बाट का अहसास कराने वाले होटल आपके ट्रिप को यादगार बना देंगे। शाम को झील के किनारे बने रेस्तरां में डिनर का अपना ही मजा है।
पर्यटन स्थलों को मिली पहचान
देश के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही पहचान इसी का संकेत है। खास बात यह है कि इन जगहों को केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और अनोखे यात्रा अनुभवों के लिए भी चुना गया है। वैश्विक पत्रिका ट्रैवल प्लस लीजर ने कच्छ के सफेद रण, गिर के शेर, ऐतिहासिक धरोहरें और पारंपरिक हस्तशिल्प को गुजरात की खास पहचान बताई है। यहां पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों के साथ इतिहास और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है। पत्रिका के अनुसार हिमालय के खूबसूरत नजारे, चाय के बागान और ऐतिहासिक टॉय ट्रेन भी देशी और विदेशी पर्यटकों का आर्कर्षित कर रहे हैं। भारत में केवल विदेशी पर्यटकों की दिलचस्पी ही नहीं बढ़ रही, बल्कि देश के भीतर भी घूमने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 2024 में करीब 2.95 अरब घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। यह 2023 के मुकाबले 17.5 फीसदी अधिक थीं। पत्रिका के अनुसार पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ रही है। इससे पर्यावरण पर भी दबाव पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय समुदायों से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देने और कम चर्चित जगहों को पर्यटकों के सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है। भारत के लिए यह मौका है कि अन्य चर्चित स्थलों और अपने दूसरे खूबसूरत और ऐतिहासिक क्षेत्रों को भी दुनिया के पर्यटन नक्शे पर मजबूत जगह दिलाए।





