सितंबर के महीने में इन जगहों की करें सैर, फुल पैसा वसूल ट्रिप का मिलेगा आनंद

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा।  घूमने-फिरने के शौकीन लोगों के लिए सिंतबर का महीना हर साल यादगार रहता है। यह ऐसा समय है जब शरद ऋतु का आगमन होता है। साथ ही इस महीने में बारिश का मौसम बिदा लेने लगता है। इससे मौसम बहुत सुहाना हो जाता है। अगर आप भी अपनी फैमिली या फ्रेंड्स के साथ फुल पैसा वसूल ट्रिप करना चाहते हैं तो आप इन खूबसूरत स्थलों की यात्रा कर सकते हैं। यह यात्रा आपके लिए यादगार बन जाएगी।

कलिम्पोंग, पश्चिम बंगाल

सितंबर में पर्यटन के लिहाज से कलिम्पोंग उत्तम स्थान माना जाता है। यह हिल स्टेश न केवल खूबसूरत नजारे के लिए बल्कि बौद्ध मठों और तिब्बती हस्तशिल्प के लिए जाना जाता है। यहां भूटानी राजाओं का शासन हुआ करता था। प्राचीन बौद्ध मठ, सदियों पुराने चर्च और धार्मिक मंदिर यहां की प्रमुख पर्यटक स्थल हैं। इसका हरा भरा नजारा, बड़े -बड़े चाय के बागान बेहद ही खूबसूरत दृश्य पेश करते हैं। लेप्चा संग्रहालय, मैक फार्लेन चर्च, डॉ. ग्राहम होम, देओलो हिल, मोरन हाउस, डर्पिन मठ और सोंगा गुंबा यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। 1250 मीटर की ऊंचाई पर बसा हुआ कलिम्पोंग पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वी भारत में सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है।
—-
जीरो, अरुणाचल प्रदेश

भारत के उत्तर-पूर्वी इलाके में स्थित अरुणाचल प्रदेश का जीरो सितंबर महीने में बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशंस में शामिल है। यहां की खूबसूरत वादियां, हरे-भरे जंगल, बहते झरने और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ हर किसी का मन मोह लेते हैं। इसके अलावा यह जगह संगीत प्रेमियों को बेहद आकर्षित करती है। यहां रह शाम होने वाली संगीत संध्या हर पर्यटक को यहां दोबारा आने के लिए मजबूर कर देती है। जीरो वैली अच्छी और सुरक्षित जगह है, यहां लड़कियां अकेले या गर्ल ट्रिप पर जा सकती हैं। जैसाकि माना जाता है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का इकलौता ऐसा राज्य है, जहां सबसे पहले सूर्योदय होता है। ऐसे में यहां की जीरो वैली की सुंदर घाटी में यह नजारा बेहद मोहक हो जाता है।  टैली वैली वन्यजीव अभयारण्य, किले पाखो, मेघना गुफा मंदिर, सिद्धेश्वर नाथ मंदिर, हापोली, पाइन ग्रोव और टिपी आर्किड रिसर्च फार्म यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
——-
लोनावला, महाराष्ट्र

सितंबर माह में आप महाराष्ट्र के बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन लोनावला का प्लान कर सकते हैं। यह जगह महाराष्ट्र राज्य में खंडाला से 5 किलोमीटर दूर स्थित है। महाराष्ट्र पश्चिम भारत का राज्य है और लोनावला को पश्चिम भारत में झीलों की नगरी कहा जाता है। सितंबर महीने में यहां की ज्यादातर जगहों की खूबसूरती अपने चरम पर होती है। यहां का सुहावना मौसम, हरियाली और खूबसूरत पहाड़ पर्यटकों का मन मोह लेते हैं। आप यहां ट्रेकिंग और कैंपिंग जैसी कई एडवेंचर गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। यहां प्रकृति ने कई खूबसूरत झीलों का तोहफा दिया है। लेकिन कुछ झीलों का निर्माण मानव द्वारा किया गया है, जिनसे बिजली उत्पादन किया जाता है।
—-
लाचेन, सिक्किम


अगर आपने कभी सिक्किम की सैर नहीं की तो एक बार जरुर करिए। सिक्किम की लाचेन न केवल पर्यटन के लिहाज से शानदार है बल्कि एडवेंचर लवर्स के लिए तो ये एक बेहतरीन जगह है। लाचेन उत्तरी सिक्किम में 2,750 मीटर की ऊँचाई पर बसा एक शांत और बेहद खूबसूरत पहाड़ी कस्बा है। यह गंगटोक से लगभग 129 किलोमीटर दूर है। यह प्रसिद्ध गुरुदोंगमार झील और चोपटा घाटी जाने वाले पर्यटकों के लिए मुख्य बेस कैंप या ठहरने का स्थान है। सिक्किम आएं तो यहां थांगु घाटी, चोपता घाटी, लाचेन मठ, गुरुडोंगमार झील, और शिंगबा रोडोडेंड्रन अभयारण्य जगहों को देखना बिल्कुल मिस न करें। 

अमृतसर


सितंबर में अगर घूमने का प्लान कर रहे हैं तो पंजाब का दिल अमृतसर को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यह जगह न सिर्फ आध्यात्मिकता का प्रतीक है बल्कि एक सांस्कृतिक अनुभव भी देती है। यहां के प्रमुख आकर्षण स्वर्ण मंदिर में भक्तों और पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। स्वर्ण मंदिर की शांत झील में झांकती सुबह की पहली किरणें मन को सुकून देती हैं। यहां धार्मिक स्थलों के अलावा कुछ म्यूजियम और किले भी मौजूद हैं। दुर्गियाना मंदिर, जलियांवाला बाग, महाराजा रणजीत सिंह संग्रहालय, विभाजन संग्रहालय, अकाल तख्त और गोबिंदगढ़ किला यहां के प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं।

कुन्नूर

तमिलनाडु के नीलगिरि पर्वतों में बसा कुन्नूर, सितंबर में हरियाली की चादर ओढ़े सैलानियों का स्वागत करता है। चाय के बागानों से आती ताजगी भरी खुशबू, ठंडी हवा और बादलों में छुपे रास्ते इसे और भी रहस्यमयी बना देते हैं। यहां के सिम्स पार्क की रंग-बिरंगी फूलों की कतारें, लॉम्ब्स रॉक और डॉल्फिन नोज जैसे व्यू पॉइंट्स से दिखते घाटियों के नजारे दिल को छू जाते हैं। भीड़ से दूर, शांति और प्राकृतिक सौंदर्य की तलाश में निकले यात्रियों के लिए कुन्नूर एक आदर्श गंतव्य है। यहां आप ट्रैकिंग का भी मजा ले सकते हैं। यहां घूमने लायक जगहों में लैम्ब्स रॉक, सिम्स पार्क, सेंट जॉर्ज चर्च और डॉल्फिन्स नोज शामिल हैं।

दमन-दीव

सितंबर में गुजरात के दमन-दीव की यात्रा का प्लान बनाया जा सकता है। यह भारत के खूबसूरत द्वीपों में से एक है। यहां शांत समुद्र तटों से लेकर वास्तुशिल्प चमत्कारों तक, हर किसी के लिए कुछ न कुछ मौजूद है। यहां आप समुद्र तट का अद्भुत नजारा देख सकते हैं। दमन-दीव में आपको गुजराती और पुर्तगाली संस्कृतियों की मिली-जुली झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा, यहां आप आईएनएस खुखरी मेमोरियल, नैदा गुफाएं, दीव संग्रहालय, जम्पा गेटवे, मोती दमन किला, पानीकोटा किला, प्रकाशस्तंभ, चर्च आॅफ आवर लेडी आॅफ सी और गंगेश्वर मंदिर देख सकते हैं।
मुन्नार
केरल की हरी-भरी वादियों में स्थित मुन्नार, सितंबर में अपनी मनमोहक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। यहां की ठंडी हवा और चाय के बागान हर किसी को ताजगी से भर देते हैं। एराविकुलम नेशनल पार्क में दुर्लभ और विलुप्तप्राय बकरी नीलगिरि ताहर की झलक और घाटी के सुंदर दृश्य यात्रा को खास बना देते हैं। बॉयलर घाट, मट्टुपेट्टी डैम जैसी जगहें प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग हैं। यहां आप ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग का लुत्फ उठा सकते हैं। पर्यटकों के बीच यहां की हाउसबोटिंग काफी लोकप्रिय है। वॉंन्डरला अम्यूसमेंट पार्क, कोची फोर्ट, गणपति मंदिर और हाउस बोट यहां के प्रमुख रोमांचकारी और दर्शनीय स्थल हैं।