सिंगापुर उद्यमियों संग सीएम योगी की बैठक, निवेश को गति देने पर हुई चर्चा

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में सिंगापुर के शीर्ष उद्योगपतियों एवं निवेशकों के 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस अवसर पर प्रदेश में नए निवेश को गति देने के लिए कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा सतत अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी वैश्विक कंपनियों के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। 


बता दें कि सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, अर्बन प्लानिंग और हॉस्पिटैलिटी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में बड़े निवेश की इच्छा व्यक्त की।
सीएम योगी ने कहा कि फरवरी 2026 में सिंगापुर यात्रा के दौरान लगभग 60,000 करोड़ के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी। सिंगापुर रोडशो के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेशकों को सेफ्टी, स्टेबिलिटी एंड स्पीड का जो भरोसा दिया था, प्रदेश आज भी उसी कमिटमेंट के साथ आगे बढ़ रहा है।


सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि अब लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने का है। एमओयू से मैन्युफेक्चरिंग और ग्राउंड ब्रेकिंग से प्रोडक्शन तक की पूरी प्रक्रिया में प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और हर स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। 


यूपी-सिंगापुर की साझेदारी को ठोस परिणामों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया। इनमें जेवर क्षेत्र, एक्सप्रेस-वे और फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग का विकास, सेमीकंडक्टर फैब यूनिट और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा सोलर, ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट मैनेजमेंट और वाटर रिसाइक्लिंग जैसी क्लीन टेक्नोलॉजी शामिल हैं।