सर्दियों में मुंह ढक कर सोना कितना खतरनाक!

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। आज की तेज और तनावपूर्ण जीवनशैली में नींद की गुणवत्ता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। नींद न केवल शरीर को आराम देती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, याददाश्त और प्रतिरक्षा प्रणाली को भी मजबूत बनाती है। इसके बावजूद कई लोग नींद के दौरान ऐसी आदतें अपनाते हैं जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती हैं। इनमें से एक आम और अक्सर अनदेखी जाने वाली आदत है मुंह ढक कर सोना। शुरुआत में यह ठंड या एलर्जी से बचाव का उपाय लग सकता है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, यह आदत लंबी अवधि में कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है। रजाई या कंबल से मुंह ढंककर सोने से आॅक्सीजन का स्तर घट जाता है, जिससे शरीर और मस्तिष्क तक पर्याप्त आॅक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसके परिणामस्वरूप नींद में खलल, सिरदर्द, थकान और कभी-कभी हृदय एवं फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव पैदा हो सकता है। जागरूकता बढ़ाकर और सुरक्षित नींद की आदतें अपनाकर शरीर और मस्तिष्क की सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है। इस लेख में हम जानेंगे कि सर्दियों में मुंह ढंककर क्यों नहीं सोना चाहिए। साथ ही इससे सेहत को क्या-क्या नुकसान हो सकता है।

सर्दियों में चेहरा ढक कर सोने का कारण



ज्यादातर लोग सिर और चेहरा ढक कर इसलिए सोना चाहते हैं क्योंकि ऐसा करने से एक सुरक्षित जगह का एहसास होता है। रजाई या कंबल का वजन और गर्माहट शरीर को आराम देता है, जिससे मन शांत होता है। साथ ही बाहर से आने वाली रोशनी और हल्की आवाजें भी कंबल रोक देता है। जिससे दिमाग को आराम मिलता है और अच्छी नींद आ जाती है।

चेहरा ढककर सोने से पड़ने वाला प्रभाव

1-सांस लेने में कठिनाई

जब मुंह पूरी तरह ढका होता है तो हवा और ऑक्सीजन का पर्याप्त प्रवाह नहीं हो पाता। यह स्थिति नींद की गुणवत्ता को प्रभावित करती है और व्यक्ति अक्सर सुबह थका हुआ या सुस्त महसूस करता है। लंबे समय तक ऐसी आदत हृदय और फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि रात में पर्याप्त आॅक्सीजन न मिलने से ब्लड प्रेशर और हृदय की धड़कन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

2-मुंह और दांतों के स्वास्थ्य पर असर

सर्दियों में ठंडी और सूखी हवा मुंह की नमी कम कर देती है। मुंह ढंकने से यह वातावरण गर्म और नम हो जाता है, जिससे बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं। इसके परिणामस्वरूप मसूड़ों में सूजन, दांतों की समस्याएं और मुंह की बदबू जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या और अधिक गंभीर हो सकती है।

3-त्वचा पर भी प्रभाव

ढका हुआ मुंह गर्म और नम वातावरण पैदा करता है, जिससे बैक्टीरिया और फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इससे त्वचा पर चकत्ते, दाने या जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, सर्दियों में शुष्क त्वचा पहले से ही संवेदनशील होती है और मुंह ढकने से यह और अधिक प्रभावित हो सकती है।

ऐसे लोग मुंह ढक कर सोने से बचें

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अस्थमा के मरीजों या जिन लोगों को स्लीप एप्निया या नाक बंद रहने की समस्या रहती है, उनके लिए मुंह ढककर सोने की आदत खतरनाक हो सकती है। इससे सांस रुकने जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है। बच्चों, खासकर शिशुओं के लिए यह जानलेवा है और इसे सडन इन्फेंट डेथ सिंड्रोम (1 वर्ष से कम उम्र के बच्चे की अचानक और अस्पष्टीकृत मौत) का बड़ा कारण माना जाता है।

मुंह ढककर सोने के रिस्क

-आॅक्सीजन की कमी।
-शरीर का तापमान बढ़ना।
-नींद का टूटना।
-बेचैनी और घबराहट।
-सांस फूलना।
-चिड़चिड़ाहट आना-
-त्वचा संबंधी समस्याएं।
-सिरदर्द/माइग्रेन।
-थकान और हल्की घुटन।

कैसे छुड़ाएं आदत

सर्दियों के मौसम में रजाई या कंबल से चेहरा ढंककर सोने की आदत छोड़ना थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन सही तरीके अपनाकर इस आदत को बदला जा सकता है।

धीरे-धीरे बदलें आदत



शुरुआत में चेहरे को पूरा खुला रखने की जगह थोड़ा-थोड़ा गैप या हवा जाने लायक जगह बनाकर रखें। कुछ दिन ऐसा करने के बाद धीरे-धीरे कंबल को नीचे लाकर पहले नाक-मुंह और फिर पूरा चेहरा पूरा खुला रखने की आदत डालें। नींद आने से पहले कंबल को कंधों के नीचे सेट करें और कमरे का तापमान आरामदायक रखें, ताकि नींद में खुद-ब-खुद चेहरा ढकने की जरूरत न पड़े।

चेहरा ढके बिना सोने के तरीके

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में आराम से सोने के लिए चेहरा ढकना आवश्यक नहीं होता है। अच्छी क्वालिटी का कंबल, सोने वाली जगह का आरामदायक तापमान, खुली सांस लेने वाली सोने की पोजीशन नींद को ज्यादा सुरक्षित और सुकून भरी बनाती है। अगर सोते समय रोशनी परेशान कर रही है तो इसके लिए आई मास्क का सहारा लिया जा सकता है। इसके अलावा, हवा की गुणवत्ता अच्छी बनाने के लिए एयर प्यूरीफायर की मदद ली जा सकती है। बस इतना ध्यान रखें कि चेहरे पर कोई भारी या घुटन वाला कंबल न आए।

सर्दियों में सोने का सही तरीका

-चेहरा खुला रखें।
-हल्के और अच्छी क्वालिटी के कंबल चुनें।
-कमरे का तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस पर रखें।
-ठंड ज्यादा हो तो ब्लोअर का इस्तेमाल करें।
-कमरे में अंधेरा रखें।
-करवट लेकर सोएं।
-आसपास डिजिटल डिवाइस न रखें।
-चेहरे पर हैवी कंबल ना डालें।
-चेहरा ढंकना हो तो हल्के सूती कपड़े का इस्तेमाल करें।

मुंह खुला रखकर सोने के फायदे

-सांस लेने में आसानी।
-मुंह खुला होने से शरीर को नींद के दौरान पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है।
-विशेष रूप से नाक बंद होने या एलर्जी के समय यह फायदेमंद है।
-चेहरे पर पसीना और ऑयल जमा न होने से स्किन भी हेल्दी रहती है।

हृदय और फेफड़ों की सुरक्षा

-पर्याप्त आॅक्सीजन मिलने से हृदय और फेफड़ों पर दबाव कम होता है।
-ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी जोखिम घट सकता है।

मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाना

-पर्याप्त ऑक्सीजन मस्तिष्क को ऊर्जा देती है।
-नींद गहरी होती है, ध्यान और याददाश्त बेहतर रहती है।

निष्कर्ष

मुंह खुला सोने से सांस लेने और आॅक्सीजन सप्लाई में फायदा होता है, जिससे मस्तिष्क और हृदय बेहतर काम करते हैं। लेकिन मुंह सूखना, दांत व मसूड़ों की समस्या और नींद की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए, मुंह खुला सोने की आदत अपनाने से पहले अपनी स्थिति और स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। पानी पीने और सही सोने की स्थिति फायदे को बढ़ा सकती है और नुकसान कम कर सकती है। सूखी हवा वाले कमरे में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें। यह हवा की गुणवत्ता और आराम को बेहतर बनाने के लिए जल वाष्प या भाप छोड़ता है।
नोट: इस स्टोरी में डॉक्टर का बयान और उसकी फोटो बाद में भेजी जाएगी।