मासूम का हत्यारोपी एनकाउंटर में ढेर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश की हरदोई पुलिस ने मासूम के हत्यारे को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। लंबी चली मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि बीती पांच मई को मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम मटियामऊ के पास मक्का के एक खेत में सात वर्षीय बालक का शव मिला था।

मासूम की बेरहमी से हत्या की गई थी। वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान की गई। वह फरार चल रहा था। आईजी लखनऊ रेंज ने आरोपी मेहनूर निवासी कन्नौज पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में आरोपी देखा गया है। पुलिस ने जाल बिछाया और उसकी घेराबंदी की। जैसे ही उसने पुलिस टीम से अपने को घिरता हुआ देखा उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी घायल हो गए।
पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, तमंचा, बाइक और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।