कपड़े के कारखाने में ताला तोड़कर चोरी, दो बैटरी, इनवर्टर और पंखा ले गए चोर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के गजरौला से चोरी की एक और घटना सामने आई है। यहां बीती रात अज्ञात चोरों ने जैकेट बनाने के एक कारखाने को निशाना बनाते हुए ताला तोड़ दिया और हजारों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब कारखाना मालिक मौके पर पहुंचे तो टूटा हुआ ताला और फर्श पर बिखरा बैटरी का तेजाब देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने गजरौला पुलिस को तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई और जल्द खुलासे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार खुर्शीद पुत्र मोहम्मद अली निवासी सुनपुरा कला, मोहल्ला चमन बाग, अमरोहा का क्षेत्र में जैकेट बनाने का कारखाना है। बीती रात अज्ञात चोरों ने कारखाने के अंदर लगे ताले को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से दो बैटरी, एक इनवर्टर और एक पंखा चोरी कर ले गए। सुबह जब कारखाना मालिक मौके पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बैटरी का तेजाब फर्श पर फैला हुआ था। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी हुए सामान की जानकारी ली। वहीं, पीड़ित ने गजरौला थाना पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच करने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बनी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस घटना का खुलासा कब तक कर पाती है।