जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-126 पुलिस और सीआरटी टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक इनामी बदमाश को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। वहीं थाना सेक्टर-58 पुलिस ने दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी संख्या में मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है। 
डीसीपी नोएडा प्रीती यादव ने बताया कि नोएडा थाना सेक्टर-126 पुलिस एवं सीआरटी टीम की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान अपराधी व दो पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने अपराधी को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल हुए पुलिस कर्मी उपचाराधीन हैं। घटना स्थल से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घटनास्थल का निरीक्षण फील्ड यूनिट/फॉरेंसिक टीम द्वारा किया गया है।
डीसीपी ने बताया कि मृतक अपराधी की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मृत अपराधी के विरुद्ध विभिन्न जनपदों के थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य संगीन धाराओं में लगभग 20 से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं। वर्तमान में थाना बादलपुर पर पंजीकृत एक मुकदमें में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। अपराधी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मित्र ने बताया कि थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के आधार पर मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में चतुरानंद पांडेय पुत्र राघवेन्द्र पांडेय, जतिन सिंह पुत्र जगत सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें सेक्टर-58 स्थित जुबिलेंट पार्कके पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी व स्नेचिंग किए गए 17 मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त चोरी की एक मोटरसाइकिल व एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। दोनों चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग कर राह चलते व्यक्तियों से मोबाइल फोन स्नेचिंग एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि पांच अक्टूबर को उन्होंने सेक्टर-56 से एक आईफोन 15 तथा सेक्टर-62 से एक सेमसंग गैलेक्सी एस 26 मोबाइल फोन स्नेच किया गया था। उक्त घटनाओं के संबंध में थाना सेक्टर-58 पर मुकदमा पंजीकृत किया था। बरामद 17 मोबाइल फोनों के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि ये सभी मोबाइल फोन उन्होंने इसी चोरी की मोटरसाइकिल का प्रयोग कर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से चोरी एवं स्नेचिंग किए थे। इन मोबाइल फोन बेचकर मिलने वाली धनराशि को आपस में बांट लेते थे तथा उसे अपने व्यक्तिगत खर्चों एवं शौक-मौज पर व्यय करते थे।
पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल, 17 मोबाइल मिले
01-Nov-2026





