जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-63 पुलिस की बदमाशों संग मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दो घायल सहित कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार व मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि एक नवंबर की रात को थाना सेक्टर-63 पुलिस सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग सामने से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार पीछे की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बहलोलपुर अंडरपास के आगे अपने आप को घिरा देखकर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल होकर नीचे गिर गए। पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनकी पहचान विकास पुत्र प्रमोद सिंह एवं राजेश पुत्र बिशना के रूप में की है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक-एक तमंचा, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही उनके दो अन्य साथी शंकर शर्मा पुत्र रविन्द्र शर्मा एवं कपिल कश्यप पुत्र रवि कश्यप को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक-एक चाकू व एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं जो लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर उनके साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देते हैं।
इसके बाद उन्हें सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते हैं।
नोएडा पुलिस की बदमाशों संग मुठभेड़, दो घायल सहित चार बदमाश गिरफ्तार
02-Nov-2026





