जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन से पहले ही उनकी बेटी शालिनी सिंह ने उन्हें बड़ा तोहफा दे दिया। उन्होंने अपने पिता को जन्मदिन के तोहफे के रूप में एक हेलीपैड गिफ्ट किया है। पिता को हेलीपैड गिफ्ट करने की खुशी शालिनी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी साझा की है। जन्मदिन से पहले इतने बड़े गिफ्ट को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। बेटी से गिफ्ट मिलने के बाद पिता बृजभूषण सिंह भावुक हो गए। उन्होंने गिफ्ट को स्वीकार करते हुए हेलीपैड का तुरंत विधिवत रूप से उद्घाटन भी कर डाला।

बता दें कि आठ जनवरी को बृजभूषण शरण का जन्मदिन है। पिता के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए बेटी शालिनी ने अनूठी पहल की और हेलीपैड देने का सरप्राइज प्लान किया। हेलीपैड की कीमत क्या है इसको लेकर सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। बता दें कि शालिनी सिंह की ससुराल बिहार में है। वर्तमान में वह नोएडा में रहती हैं। शालिनी नोएडा सिटिजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष के अलावा भाजपा की सक्रिय कार्यकत्री भी हैं। शालिनी अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान का हर संभव प्रयास करती रहती हैं।

बता दें कि यूपी के बाहुबली नेता और गोंडा जिले के कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह बेहद ही लग्जरी लाइफ जीते हैं। उनके बेड़े में एक से एक लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है। इसके बाद बृजभूषण सिंह को घुड़सवारी का भी शौक है। उनके बाड़े में कई महंगे घोड़े शामिल हैं। मौजूदा समय में पूर्व सांसद के पास तीन हेलीकॉप्टर भी हैं। इनमें से एक सफेद, एक काला और एक भगवा रंग का हेलीकॉप्टर है। काले रंग का हेलीकॉप्टर नोएडा के नए हेलीपैड पर हमेशा खड़ा रहेगा। इससे उनकी बेटी शालिनी को भी ससुराल आने-जाने में सहूलियत हो जाएगी। भगवा और सफेद रंग के हेलीकॉप्टर बृजभूषण के आने-जाने के लिए गोंडा में रहेंगे। इन हेलीकॉप्टरों से पूर्व सांसद दूर-दराज के क्षेत्रों में आने-जाने के लिए इस्तेमाल करेंगे।





