जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच अब भयंकर युद्ध छिड़ गया है। पाकिस्तान ने भारत पर हाइपरसोनिक मिसाइल फतेह-1 और 2 से हमला किया। जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में नष्ट कर दिया। वहीं पाक के ड्रोन हमले नाकाम करने के साथ भारत ने पाकिस्तान के 4 एयरबेसों पर तबाही मचा दी। अपने सभी अस्त्र फेल होते देख बाैखलाए पाकिस्तान ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के लिए बैठक बुलाई है। भारत-पाकिस्तान युद्ध अब तेज होने लगा है। पाकिस्तान ने भारत पर अब लंबी दूरी की मिसाइलों से हमला करना शुरू कर दिया है। भारत ने पाकिस्तान की हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल फतेह-2 को हरियाणा के सिरसा में हवा में ध्वस्त कर दिया। सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान की फतह 2 मिसाइल दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। तभी हरियाणा के सिरसा के पास एयरबेस से ही फतह 2 मिसाइल को मार गिराया गया। यानी दिल्ली से करीब 200 किलोमीटर दूरी पर ही पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फिर गया। बता दें कि पाकिस्तान को अपनी हाइपरसोनिक मिसाइल फतेह-2 पर बेहद नाज था। फतेह-2 एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल है। जिसकी रेंज 250 से 400 किलोमीटर है। फतह-2 ईरान द्वारा विकसित की गई है। यह मिसाइल अपनी सटीकता और मारक क्षमता के लिए जानी जाती है। ये गाइडेड आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम युद्ध के मैदान में सटीक हमला करती है, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम के आगे ये टिक नहीं सकी। ऐसा माना जाता हे कि फतह-2 मिसाइल सामरिक परमाणु पेलोड ले जा सकती है। इसिलए ये मिसाइल काफी खतरनाक मानी जाती है। इसी तरह पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ लॉंग रेंज की मिसाइल फतेह-1 का भी इस्तेमाल किया है। इसे भारत ने मार गिराया है। फतेह-1 पाकिस्तान की एक गाइडेड मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम है। जो सतह से सतह तक मार करने में सक्षम है। इसकी रेंज लगभग 140 किमी तक है और इसे परमाणु और पारंपरिक हथियारों से लैस किया जा सकता है। इसे चीन की टेक्नोलॉजी की मदद से विकसित किया गया है। इसे भारतीय ठिकानों पर तेज और सटीक हमले के लिए डिजाइन किया गया है, लेकिन भारत पर किया गया ये हमला नाकाम हो गया। फतेह-1 मिसाइल पाकिस्तान की फुल स्पेक्ट्रम डेटरेंस नीति का हिस्सा माना जाता है। शुक्रवार रात को पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन हमले किए। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। इन सभी ड्रोनों का भारत ने मार गिराया। वहीं शनिवार सुबह पाकिस्तान की सामत आ गई। भारत ने राजधानी इस्लामाबाद के करीब स्थित कुल चार एयरबेसों पर मिसाइलें दागी। इससे वहां तबाही मच गई। टेलीविज़न पर दिए गए बयान में पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारत ने अपने विमानों के ज़रिए हवा से सतह पर मिसाइलें दागीं। भारत ने पाकिस्तान के नूर खान रावलपिंडी, मुरीद चकवाल और रफीकी शोरकोट एयरबेस को प्रभावी ढंग से निशाना बनाया। पाकिस्तान के सैन्य ढांचे पर यह हमला एक बड़ा झटका माना जा रहा है। नूर खान एयरबेस पर भारी नुकसान की खबर आ रही है। यहां खड़ा सी-130 हरक्यूलिस विमान भी हमलों की चपेट में आ गया है। बता दें कि सी-130 हरक्यूलिस एक अमेरिकी निर्मित सैन्य परिवहन विमान है, जो विभिन्न देशों की वायु सेनाओं द्वारा उपयोग किया जाता है। किसी भी देश की सेना के लिए यह विमान युद्ध के समय काफी मददगार साबित होता है। अपने सभी अस्त्र और एयरपोर्ट को तबाह होते देख पाकिस्तान बाैखला गया है। अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल कमांड अथॉरिटी यानी एनसीए की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। बता दें कि पाकिस्तान में यह संस्था परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से संबंधित फैसले लेती है। इस कदम ने पाकिस्तान के इरादों पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं अमेरिका के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से बात की है। उन्होंने पाकिस्तान को संयम बरतने की हिदायद दी है।
भारत ने पाकिस्तान की हाइपरसोनिक मिसाइल फतेह-1 और 2 को मार गिराया
10-May-2025