मैमथ केव गुफा में मिले 325 मिलियन साल पुराने दो जीव

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी गुफा मैमथ केव अपनी अद्भुत प्राकृतिक संरचना और विशालता के लिए प्रसिद्ध है। यहां की चूना पत्थर से बनी संरचनाएं, भूमिगत नदियां और रहस्यमयी गलियां इसे अजूबा बनाती हैं। वैज्ञानिकों ने अब इसी गुफा में 2 समुद्री राक्षसों का पता लगाया है। जिनकी उम्र जानकर हर कोई हैरान है।

जमीन के नीचे 420 मील में फैली गुफा

 

अमेरिका के केंटकी राज्य में स्थित मैमथ केव दुनिया की सबसे बड़ी ज्ञात गुफा है। जमीन के नीचे यह गुफा 420 मील से ज्यादा फैली हुई है। इस गुफा में वैज्ञानिकों को 325 मिलियन साल से भी ज्यादा पुराने 2 शार्क के जीवाश्म मिले हैं।  इन दोनों प्रजातियों के नाम ट्रोग्लोक्लाडोडस ट्रिम्बली और ग्लिकमैनियस केयरफोरम है। ये दोनों सीटीनाकैंथ शार्क के समूह से जुड़ी हैं। इनका आकार करीब 10 से 12 फीट है।  वैज्ञानिकों का दावा है कि ये जीवाश्म उस समय के हैं जब पूर्वी-उत्तरी अमेरिका का ज्यादातर हिस्सा गर्म और महासागरों में हुआ डूबा था। 

जीवाश्म के उपास्थि का मिलना खास 

 

वैज्ञानिकों को दोनों जीवाश्म लगभग 325 मिलियन साल पहले बने चूना पत्थर की परतों के बीच मिले। उस समय मध्य से लेकर मिसिसिपियन काल चल रहा था। वैज्ञानिकोें ने शोध के बाद दावा किया कि करोड़ों साल पहले भी उथले पानी में समुद्री जीवन मौजूद था। इस शोध की सबसे खास बात जीवाश्म के उपास्थि का सुरक्षित मिलना है। ऐसा इसलिए क्योंकि उपास्थि आमतौर पर आसानी से जीवाश्म नहीं बनते, इसका कारण है इनका नाजुक होना। बता दें कि  उपास्थि एक मजबूत, लचीला संयोजी ऊतक है जो जोड़ों और हड्डियों की रक्षा करता है।

दोनों जीवाश्मों की खोज करना आसान नहीं

 

वैज्ञानिकों के अनुसार, दोनों जीवाश्मों की खोज करना आसान नहीं था। इसके लिए उन्होंने नेशनल पार्क सर्विस की जीवाश्म विज्ञान टीम और गुफा अनुसंधान फाउंडेशन के विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम किया। उन्होंने बहुत सावधानी से तंग रास्तों का नक्शा बनाया और वहां से गुजरते हुए छोटे-छोटे जीवाश्म के टुकड़ों को बाहर निकाला। विशेषज्ञों की टीम में शामिल बार्कले ट्रिम्बल अनुसार, 2019 के अभियान के दौरान ट्रोग्लोक्लाडोडस ट्रिम्बली के जीवाश्म का दांत मिला था। जिसकी मदद से कई नमूनों की पहचान करना संभव हो पाया।

यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल की मान्यता 

 


वैज्ञानिकों का कहना है कि जीवाश्म हमें सिर्फ अतीत की जानकारी ही नहीं देते, बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि समुद्री जीवन ने कैसे बदलते माहौल में खुद को ढाला होगा। मिसिसिपी काल के दौरान आज की केंटकी और अलबामा का तट क्षेत्र इन शार्को का घर हुआ करता था। यह खोज हमें बताती है कि मैमथ गुफा जैसी जगहों में ऐसे रहस्य छिपे हैं जो हमें हैरान कर सकते हैं। बता दें कि मैमथ गुफा  को जैव विविधता, पुरातात्विक खोजों और साहसिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल की मान्यता प्राप्त है।