नई दिल्ली। अंतरिक्ष में आए दिन कुछ ना कुछ ऐसा होता रहता है जो चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसी ही एक घटना रात के स्याह अंधकार में फिर देखने को मिली है। आकाश में हजारों तारों की भगदड़ मच गई है। यह कोई खगोलीय घटना है या फिर किसी अनदेखी शक्ति की आहट, इसकी सच्चाई जान वैज्ञानिक हैरान हैं। वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में एक अजीबोगरीब तारा-समूह की खोज की है। इस समूह में करीब एक हजार नवजात तारे हैं, जो तेजी से बिखर रहे हैं। हर तारा अपना घर छोड़कर भाग रहा है, यह घटना वैज्ञानिकों के लिए रहस्य बन गई है। वैज्ञानिकों ने इस तारा-समूह को ‘ओफियन’ नाम दिया है, जो ओफ्यूकस यानी सर्पधारी तारामंडल में मौजूद है। वैज्ञानिकों के अनुसार, आमतौर पर जब कोई तारा समूह, एक साथ जन्म लेता है, उसे बिखरने में लाखों-करोड़ों साल लगते हैं। धीरे-धीरे, एक-दूसरे और आसपास की वस्तुओं की गुरुत्वाकर्षण शक्ति उन्हें अलग करती है। वैज्ञानिकों को यूरोपियन स्पेस एजेंसी के डेटा से पता चला है कि ओफियन आम तारों से बिल्कुल अलग व्यवहार कर रहा है। ये तारे इतनी तेजी से इधर-उधर जा रहे हैं कि वे एक साथ नहीं रह सकते है। यह तारा-समूह पृथ्वी से करीब 650 प्रकाश-वर्ष दूर है। डेटा के विश्लेषण में वैज्ञानिकों ने पाया कि ओफियन के तारों की गति सामान्य से बहुत ज्यादा है। आमतौर पर तारे जिस विशाल गैस बादल में जन्म लेते हैं, वह ठंडा होता है और उसकी गति कम होती है। जिसकी वजह से उनकी आपसी गुरुत्वाकर्षण शक्ति उन्हें लंबे समय तक एक साथ रखती है। वैज्ञानिकों ने शोध में पाया कि ओफियन तारों की गति का अंतर 20 किलोमीटर प्रति सेकंड है, जो सामान्य से कहीं ज्यादा है। यानी सबसे तेज और सबसे धीमे तारे की गति में 20 किलोमीटर प्रति सेकंड का अंतर है। वैज्ञानिकों का कहना है कि गति ज्यादा होने की वजह से ओफियन जल्द ही बिखर जाएगा। अभी ये तारे इसलिए एक साथ दिख रहे हैं क्योंकि ये नए हैं और इन्हें अलग होने का समय नहीं मिला है। हालांकि, ऐसा क्यों हो रहा है यह उनकी समझ में नहीं आ रहा है। इस तरह की घटना को उन्होंने इससे पहले कभी नहीं देखा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ओफियन के तारों के तेजी से बिखरने की वजह सुपरनोवा विस्फोट हो सकते हैं। उनका मानना है कि इन विस्फोटों ने आसपास की गैस को उड़ा दिया होगा, जिससे तारा-समूह का द्रव्यमान कम हो गया और तारों पर उसकी पकड़ ढीली पड़ गई होगी। इसके अलावा, पास की गुरुत्वाकर्षण शक्ति ने भी इन्हें धक्का दिया होगा, जिससे ये तेजी से बिखर रहे होंगे। पहले वैज्ञानिक एक जैसी गति वाले तारों को समूह मानते थे, लेकिन ओफियन ने उनकी सोच को बदल दिया है। तेजी से भागते ओफियन के तारे कहां पहुंचेंगे, यह कोई नहीं जानता है।
आकाश में हजारों तारों की मची भगदड़, सच्चाई जान वैज्ञानिक हैरान
06-May-2025