जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अनुमान है कि सपा कांग्रेस को करीब 24 सीटों का प्रस्ताव दे सकती है। इनमें वे सीटें शामिल हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को 20 हजार से अधिक वोट मिले थे। हालांकि, इससे ज्यादा सीटें हासिल करने के लिए कांग्रेस को अखिलेश यादव के साथ गंभीरता से बात करनी होगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीटों के बंटवारे में उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को आधार बनाने की बात कही है। इसके बाद सपा की ओर से सीटों के शुरुआती प्रस्ताव को लेकर तस्वीर कुछ हद तक साफ हुई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत का रास्ता सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम के दौरान साफ हुआ। इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव अपनी पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव के साथ पहुंचे थे।
इस दौरान राहुल गांधी को पता चला कि 17 नवंबर को सीटों के बंटवारे को लेकर हुई बैठक की जानकारी न तो अखिलेश यादव को थी और न ही समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को। उन्हें यह भी बताया गया कि सपा ने अभी तक बातचीत के लिए अपनी टीम का गठन नहीं किया है।
इसके बाद दोनों दलों ने औपचारिक सीट बंटवारे की बातचीत के लिए अपने-अपने नेताओं को अधिकृत करने पर सहमति जताई। जल्द ही दोनों पार्टियों के बीच औपचारिक बातचीत होने की उम्मीद है।बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से शुरुआत में गठबंधन में बराबर की हिस्सेदारी की मांग की गई थी। पार्टी के इस रुख से संकेत मिल रहे थे कि वह 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।
हालांकि, कांग्रेस ने हाल ही में अपने सपा सहयोगियों को 181 सीटों की सूची सौंपी थी। अब राहुल गांधी की ओर से जीतने की क्षमता को सीटों के बंटवारे का आधार बताए जाने के बाद कांग्रेस अपनी मांग पर दोबारा विचार कर सकती है। देखने की बात यह होगी कि सीटों का आपस में बंटवारा हो पाता है या नहीं। वैसे जानकारों की मानें तो आगामी विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन तय है। इनमें सीटों को आपस में समंजस्य समय से बने या नहीं।





