कानपुर के पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, दो की मौत; कई घायल

कानपुर (उप्र), एजेंसी। उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। आग के बाद पूरी इमारत में धुआं भर जाने से दर्जनों लोग अंदर फंस गए। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी, जबकि कई अन्य साड़ियों, धोतियों और चादरों को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर बगल की इमारत में उतरने की कोशिश करते नजर आए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि आग सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पीलीखाना थाना क्षेत्र के रामनारायण बाजार स्थित राधिका अपार्टमेंट में लगी। अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष को सुबह 4.54 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद लाटूश रोड और कर्नलगंज अग्निशमन केंद्रों से दमकल की गाड़ियां और टीमें मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि आग अपार्टमेंट के भूतल पर स्थित पार्किंग क्षेत्र में लगी थी, जहां कई दोपहिया वाहन खड़े थे। आग की लपटों ने पार्किंग को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरी इमारत में घना धुआं भर गया। मृतकों की पहचान राखी साहू (48) और प्रांजुल बाथम (15) के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त के अनुसार, प्रांजुल की आग में झुलसने से मौत हो गई, जबकि राखी तीसरी मंजिल से नीचे कूद गईं और वहां खड़े वैभव गुप्ता पर गिर पड़ीं। इस घटना में राखी की मौत हो गई, जबकि वैभव गंभीर रूप से घायल हो गए। वैभव की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग में भेजा गया है। उर्सला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, हादसे के बाद चार लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। प्रांजुल की मां नीता करीब 40 प्रतिशत झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वैभव और दो अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) अमित पांडे ने बताया कि कुछ लोग बगल के मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य को दमकलकर्मियों ने बचाया। बचाए गए लोगों में महिलाएं, बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं और यहां करीब 50 से 60 लोग रहते हैं। लगभग दो साल पहले बनी इस इमारत में बाहर निकलने के लिए केवल एक संकरी सीढ़ी है। इसके अलावा इमारत करीब छह से सात फुट चौड़ी गली में स्थित है, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किल हुई। बगल में स्थित दो मंजिला मकान कई लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता बना। लोगों ने लकड़ी के तख्तों और कपड़ों की मदद से एक इमारत से दूसरी इमारत तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहने वाले महेश तिवारी ने बताया कि शोर सुनकर उनकी नींद खुली। दरवाजा खोलते ही उन्हें चारों ओर धुआं और आग दिखाई दी। उन्होंने कहा, ''हमारे पास बगल की इमारत से बाहर निकलने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। हमने तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल पर उतरने के लिए धोती का इस्तेमाल किया और फिर लकड़ी के तख्ते की मदद से बगल की छत पर पहुंच गए।'' एक अन्य निवासी सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि लोगों ने सीढ़ियों और लकड़ी के तख्तों की मदद से करीब 10 से 12 लोगों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि घबराहट में कुछ लोग बालकनी से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस को आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।