पश्चिम एशिया में फिर शुरू होने वाला है युद्ध, अमेरिका का तीसरा एयरक्राफ्ट तैनात

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। पश्चिम एशिया में कुछ दिनों की शांति के बाद अब फिर युद्ध शुरू होने वाला है। इसको लेकर कई देशों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक ओर जहां ईरान से तनातनी के बीच अमेरिका का तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर पश्चिम एशिया पहुंच गया है। वहीं सऊदी अरब में मिस्र और पाकिस्तान ने राफेल और जेएफ-17 लड़ाकू विमानों की तैनाती की है।
अमेरिका को दी चेतावनी 

ईरान ने एक बार फिर अमेरिका को चेतावनी दी है। ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ ने अमेरिका को घेरते हुए कहा कि ईरान हमेशा युद्ध के साये में नहीं रह सकता है। ऐसे में अमेरिका से टकराव का हल निकलना चाहिए। उनका बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार माना गया है। हालांकि ट्रंप अभी भी ईरान से समझौते पर राजी होते नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में दोनों देशों में फिर एक नई जंग की स्थिति बनती दिख रही है। इसकी संभावना तब तेज हुई जब अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियक यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट पश्चिम एशिया पहुंचा। यह रविवार को क्षेत्र में पहले से मौजूद दो अमेरिकी विमानवाहक पोतों के साथ जुड़ गया है। इससे अब इस इलाके में अमेरिकी नौसेना के तीन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप मौजूद हो गए हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है। ईरान ने हाल ही में बहरीन में अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया है। ईरान के पास पश्चिम एशिया में तीन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप्स की मौजूदगी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की बड़ी उपस्थिति को दिखाती है। इसी तरह की तैनाती इस साल अप्रैल में भी देखी गई थी, जब 2003 के इराक युद्ध के बाद पहली बार तीन अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर इस क्षेत्र में तैनात किए गए थे। एक बार फिर इसी तरह की तैनाती की जा रही है।
इजरायल ने की युद्ध की तैयारियां 

दूसरी इजरायल ने भी युद्ध की तैयारियां तेज कर दी हैं। नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल के बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए आइजेनकोट को युद्ध के लिए साथ आने का निमंत्रण दिया है। 
हूती विद्रोहियों ने स्थिति की मजबूत

दूसरी ओर यमन में हूती विद्रोहियों ने अपनी स्थिति मजबूत करते हुए दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन से करीब 70 किलोमीटर दूर तक बढ़त बना ली है। बता दें कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन से सरकारी बलों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास इलाकों पर फिर से कब्जा करने के लिए बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था। 40 दिन में सरकारी बलों को अपनी बढ़त वाले इलाकों से पीछे हटना पड़ा। सूत्र के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब और उसके आसपास के क्षेत्रों पर अपना नियंत्रण मजबूत कर लिया है। पश्चिमी अदन के अल-बुराइकह जिले के निवासियों ने बताया कि उन्हें आसपास के इलाकों से धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने रविवार को बाब अल-मंदेब मोर्चे से सैन्य वाहनों और सैनिकों के काफिले लौटते हुए भी देखे।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हमला

इसी बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और वित्तीय केंद्र पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया है। संगठन ने लाहिज प्रांत में सऊदी सैनिकों के ठिकानों पर छह मिसाइलें दागने और दर्जनों लोगों के हताहत होने की बात भी कही है। हूतियों ने पिछले 24 घंटों में सऊदी अरब की ओर से 75 हवाई और मिसाइल हमले किए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही मक्का और मदीना के ऊपर ड्रोन रोकने के सऊदी दावे को खारिज किया है। वहीं हूती विद्रोहियों को जवाब देने के लिए मिस्र और पाकिस्तान ने अपने-अपने लड़ाकू विमानों को तैनात किया है। मिस्र ने राफेल लड़ाकू विमानों का स्क्वाड्रन तैनात किया है। वहीं, पाकिस्तान ने जेएफ-17 थंडर की तैनाती की है। ऐसे में राफेल और जेएफ-17 थंडर सऊदी अरब के आसमान में एक साथ उड़ान भर सकते हैं। मिडिल ईस्ट आई की रिपोर्ट के अनुसार, मिस्र ने सऊदी अरब में राफेल का एक स्क्वाड्रन (करीब 18 लड़ाकू विमान), आठ हेलीकॉप्टर, चार ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और बड़ी संख्या में सैनिकों को भेजा है। बता दें कि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात के दौरान इस सैन्य तैनाती का ऐलान किया था।