नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और उन पर ‘‘भारत विरोधी ताकतों’’ को मंच मुहैया कराने तथा देश को बदनाम करने एवं अस्थिरता पैदा करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 14 नवंबर को आयोजित शिखर सम्मेलन को विपक्ष के नेता द्वारा आयोजित ‘‘भारत विरोधी शिखर सम्मेलन’’ कहना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। शायद ही कोई ऐसा मंच हो जहां वह भारत को बदनाम करने, अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता लाने की साजिश न रचते हों।’’ भाटिया ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में आयोजित निवेश शिखर सम्मेलन विदेशी निवेशकों और विचारकों को निवेश के अवसरों पर चर्चा करने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और स्थिर वातावरण की सराहना करने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दुर्भाग्य से जब बात कांग्रेस शासित राज्य की आती है तो भारत के हित हाशिए पर चले जाते हैं। जिस मंच का इस्तेमाल भारत और तेलंगाना को मजबूत करने के लिए किया जाना चाहिए था, उसका इस्तेमाल भारत को कमजोर करने, नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने और देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए किया जा रहा है।’’ ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट’ के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की शिखर सम्मेलन में भागीदारी का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि उन्हें एक ऐसा मंच दिया गया जहां से उन्होंने ‘‘वोट चोर, गद्दी छोड़’’ का नारा लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं। वहीं, अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है। भाटिया ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारत के जनादेश का मजाक उड़ा रहा है।’’ उन्होंने गांधी की आलोचना करते हुए उन्हें ‘‘अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी’’ नेता प्रतिपक्ष बताया और कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है।
भाजपा ने राहुल पर हैदराबाद में भारत विरोधी ताकतों को मंच मुहैया कराने का लगाया आरोप
16-Nov-2026





