सीएम योगी ने जनगणना-2027 का दूसरा चरण किया शुरू, बोले- कोई पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए

लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना और घर-घर जाकर जनगणना करने की प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए कहा कि गणना में समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि सही और सटीक आंकड़े ही प्रदेश के समग्र विकास की योजनाओं का आधार बनेंगे। मुख्यमंत्री ने लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि जनगणना के आंकड़ों से यह तय करने में मदद मिलेगी कि प्रदेश में कहां स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में छूटने वाला व्यक्ति कई बार सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह जाता है। आदित्यनाथ ने बताया कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश से इस बड़े अभियान की शुरुआत हो रही है। प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी, जबकि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। अन्य राज्यों में यह प्रक्रिया फरवरी में शुरू होगी। उन्होंने बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा समेत 40 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि मुसहर समुदाय समाज के सबसे वंचित वर्गों में शामिल था। उसके कई परिवारों के पास न पक्के मकान थे और न ही राशन कार्ड। उन्होंने कहा कि यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी स्थिति और आर्थिक विपन्नता का सही आकलन किया गया होता, तो उन्हें प्रथम पंचवर्षीय योजना के समय से ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद ऐसे वंचित वर्गों के लिए अलग से योजनाएं बनाकर उन्हें लाभान्वित किया गया। आदित्यनाथ ने जनगणना अभियान से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करते समय विनम्रता और धैर्य का परिचय दें। उन्होंने कहा कि कर्मियों को स्वयं को एक राष्ट्रीय कार्य के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार लोग अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में संकोच या भय महसूस करते हैं। ऐसे में जनगणना कर्मियों को उन्हें समझाना चाहिए कि उनके द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और देश के विकास की योजनाएं तैयार करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने आगाह किया कि आंकड़ों में एक गलती भी देश और प्रदेश की भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जनगणना का काम पूरी ईमानदारी और सावधानी से किया जाना चाहिए।