जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। वैज्ञनिकों ने जो भविष्यवाणी की थी वह सच साबित हो रही है। एक के एक चक्रवात आ रहें हैं। अर्नब और आरसू के बाद एक और चक्रवात ने दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कई राज्यों में मौमस बदलने से ठंड का प्रकोप दिखाई देगा।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब
दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 5:30 बजे एक निश्चित स्थान पर केंद्रित था। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और और अधिक शक्तिशाली होने की आशंका है। आईएमडी ने बताया कि इसके 16 नवंबर को दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु के उत्तरी जिलों के अलावा राज्य के पश्चिमी घाट और दक्षिणी जिलों में बारिश शुरू हो गई है। तमिलनाडु के अलावा पुडुचेरी में बारिश की संभावना है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
भविष्यवाणी की तरफ खींचा ध्यान
बता दें कि इस तूफान ने वैज्ञानिकों की भविष्यवाणी की तरफ अपना ध्यान खींचा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन की रिपोर्ट में बताया गया था कि पृथ्वी का बैलेंस पूरी तरह से बिगड़ चुका है। समंदर में भी तापमान वाला राक्षस जाग चुका है। कुल मिलाकर दुनिया पर जलवायु का महाखतरा मंडरा रहा है। धरती पहले से कहीं ज्यादा गर्म हो रही है। इससे लगातार चक्रवाती तूफानों के आने का सिलसिला जारी रहेगा। बता दें कि तीन सप्ताह के भीतर संभावित तीसरे चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सभी जिलों, विशेषकर दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों को अलर्ट कर दिख है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सभाी जिलों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर एनडीआरएफ को तैयार रखा गया है। प्रशासन ने मछुआरों को 16 नवंबर तक तट पर लौटने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को हुई बर्फबारी ने उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक ठिठुरन बढ़ा दी। नारकंडा, कल्पा, सांगला, छितकुल, जलोड़ी जोत, रोहतांग और धौलाधार में बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों और सैलानियों के चेहरे खिल उठे। पहाड़ों पर बर्फबारी और शिमला, रामपुर और कई अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश से सामान्य तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल के कुकुमसेरी में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री पहुंच गया है। किन्नौर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कल्पा में रविवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसी तरह बदरीनाथ धाम में रविवार को इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। मंदिर के कपाट बंद होने से एक दिन पहले हुई बर्फबारी से पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। वहीं दोपहर बाद औली में भी जमकर बर्फबारी हुई। कुछ ही देर में मंदिर परिसर और आसपास की चोटियां बर्फ से ढक गईं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश का मौसम बना रहा।
यूपी में बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में नए विक्षोभ के असर से रविवार से मौसम में बदलाव दिखा। पश्चिमी यूपी के बरेली, बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आज से प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाएं चलेंगी। साथ ही पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ेगा। पछुआ के असर से 16 से 18 नवंबर के बीच तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के आसार हैं। कई जिलों में न्यूनतम पारा 14 डिग्री तक लुढ़कने की संभावना प्रकट की गई है। आज सुबह प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ धुंध छंट गई, लेकिन कुछ इलाकों में दृश्यता काफी कम रही। बरेली और कुशीनगर में घना कोहरा होने से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अयोध्या और आजमगढ़ में 50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई।





