जन प्रवाद, ब्यूरो।
विश्व कप से पहले भारतीय टीम के पास अपनी योजनाओं को परखने का अंतिम मौका होगा। आज न्यूजीलैंड के साथ पांचवां टी20 मैच होगा। शनिवार को होने वाले इस मुकाबले में सीरीज के परिणाम के लिहाज से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। चूंकि, भारत 3-1 की बढ़त पर है और सीरीज भी अपने नाम कर चुका है। हालांकि, खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर विश्व कप का अभियान शुरू करना चाहेगी।
भारतीय टीम की बढ़ी चिंता
विश्व कप से पहले भारतीय टीम की सबसे बड़ी चिंता आॅलराउंडर अक्षर पटेल की फिटनेस और ओपनर संजू सैमसन की फॉर्म को लेकर है। तिरुवनंतपुरम का ग्रीनफील्ड स्टेडियम सैमसन का घरेलू मैदान कहा जाता है। लोगों को आशा है कि घरेलू समर्थन के बीच सैमसन का बल्ला जमकर गरजेगा। साथ ही पहले टी20 में अंगुली चोटिल कराने वाले अक्षर इस मैच के बाद से नहीं खेले हैं। उन्होंने शुक्रवार को संजू को अभ्यास कराया। फिट होने पर टीम प्रबंधन उन्हें जरूर आजमाना चाहेगा। पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है।
सैमसन का डगमगाया आत्मविश्वास
प्रबंधन की नजर सैमसन पर खासतौर पर रहेगी। वह इस सीरीज में अभी तक 40 रन बना पाए हैं। फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय बनी हुई है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है। बीसीसीआई की ओर से साझा वीडियो से यह स्पष्ट हो गया है कि वह इस हिस्से में सुपरस्टार हैं।

जीत के मायने
सात फरवरी को मुंबई में भारत अपना पहला टी-20 विश्व कप खेलेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत से टीम का आत्मविश्वास और ज्यादा बढ़ेगा। विश्व कप से पहले टीम की एक और चिंता तीन खिलाड़ियों का चोटिल होना है। वैसे अक्षर सीरीज में शामिल हैं, जबकि इस सीरीज के पहले से तिलक और वाशिंगटन सुंदर रिहैब से गुजर रहे हैं। इन तीनों ही क्रिकेटरों को विश्व कप से पहले आजमाने का मौका नहीं मिला है। इसलिए टीम प्रबंधन की कोशिश रहेगी कि टीम के बाकी सभी खिलाड़ी पूरी लय और फॉर्म के साथ विश्व कप में उतरें।
सैमसन के पास फॉर्म में आने का आखिरी मौका
तिरुवनंतपुरम में भारत न्यूजीलैंड को दे चुका है पटखनी
न्यूजीलैंड की टीम इस मैच में हर हाल में जीतना चाहेगी। तीन मैचों में भारत के आक्रामक रवैये से वे बेबस नजर आए, लेकिन चौथे मैच में उन्होंने भारत के प्रमुख बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट करने के बाद, न्यूजीलैंड के गेंदबाज शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी के बावजूद बाकी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे।





