जन प्रवाद, संवाददाता।
ग्रेटर नोएडा।
भू-माफियाओं के खिलाफ यमुना विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम मय पुलिस फोर्स के साथ सोमवार को अवैध कब्जा हटाने पहुंची। प्राधिकरण के बुल्डोजरों ने करीब 300 करोड़ रुपये की जमीन को कब्जा मुक्त कर दिया। इस दौरान लगभग 1 लाख वर्ग मीटर भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए। यह कार्रवाई यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश सिंह के निर्देश पर की गई।

बता दें कि सोमवार को प्राधिकरण का दस्ता साबोता और दयानातपुर गांवों में पहुंचा और आधा दर्जन बुलडोजरों के साथ अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। भू-माफियाओं द्वारा जेवर एयरपोर्ट के पास अवैध रूप से कॉलोनियां काटी जा रही थीं। इन अवैध कॉलोनियों में ‘एरो ग्रीन बिल्डर’ जैसे डेवलपर्स लोगों को एयरपोर्ट के पास घर दिलाने का सपना दिखा रहे थे। गौरतलब है कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास अवैध निर्माण पर पूरी तरह से रोक है, लेकिन इसके बावजूद कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनियां काटने और निर्माण करने की कोशिश कर रहे थे।
ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों को चेतावनी दी गई। प्राधिकरण ने कहा कि यदि भविष्य में अवैध कॉलोनी काटने का प्रयास किया गया, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।





