रेत-कोयला कारोबारियों पर छापेमारी, प. बंगाल-दिल्ली में ईडी की बड़ी कार्रवाई

जन प्रवाद, ब्यूरो।
मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध रेत और कोयला तस्करी के मामलों की जांच के सिलसिले में की गई। सुबह करीब 6:30 बजे से दिल्ली, कोलकाता, आसनसोल, दुर्गापुर और पश्चिम बर्धमान जिले के कई इलाकों में तलाशी शुरू हुई। सुरक्षा के लिहाज से छापेमारी के दौरान केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी मौजूद थे।


इन-इन जगहों पर हुई छापेमारी ?
जिन जगहों पर छापेमारी की गई, उनमें बुदबुद थाना के नवनियुक्त प्रभारी (ओसी) मनोरंजन मंडल का घर भी शामिल होना बताया जा रहा है। वह अभी औपचारिक रूप से पदभार भी नहीं संभाल पाए थे। इससे पूर्व वह भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित किए गए थे और बाद में आसनसोल पुलिस स्पेशल ब्रांच से जुड़े थे। हाल ही में उनकी बहाली हुई थी, लेकिन ईडी की इस कार्रवाई के बाद उनकी नियुक्ति फिर सवालों में आ गई है।
रेत-कोयला कारोबारियों पर छापा :
ईडी ने इलाके के कई रेत और कोयला कारोबारियों के घर और दफ्तरों पर भी छापे मारे। दुर्गापुर के सेपको इलाके में रेत कारोबारी KK मिनरल्स के मालिक  प्रबीर दत्ता और उनके भाई अमित दत्ता के घरों पर तलाशी ली गई। यह कंपनी बांकुड़ा, पश्चिम और पूर्व बर्धमान जिलों में रेत खदानें चलाती है और इसके दफ्तर पानागढ़ में हैं।


कोलकाता-दिल्ली में छापेमारी :
इसके अलावा पानागढ़ में रेत कारोबारी शेख हाशिम मिर्जा बेग,  शेख किरण मंडल, और पांडाबेश्वर में कोयला कारोबारी शेख मइजुल के ठिकानों पर भी छापे पड़े। कोलकाता और दिल्ली में भी कई स्थानों पर तलाशी जारी रही।