लखनऊ, एजेंसी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और देश को विभाजित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल अवैध प्रवासियों और फर्जी मतदाताओं के हितों की रक्षा के लिए इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। चौहान ने यहां ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की तथा कहा कि उनके नेतृत्व ने देश और राज्य में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी और योगी जी ने उत्तर प्रदेश में सचमुच कुछ असाधारण एवं ऐतिहासिक किया है। यही बात हमारे इंडिया गठबंधन के साथियों को परेशान कर रही है। वे लगातार यह सोच रहे हैं कि नरेन्द्र मोदी और राजग को कैसे हराया जाए।’’ चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने कई राज्यों में अपना राजनीतिक असर खो दिया है, ऐसे में उसके साथ जुड़ने से उसके सहयोगी दलों को भी राजनीतिक नुकसान होगा। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन लोकतंत्र को हिंसा और अव्यवस्था वाले तंत्र में बदलना चाहते हैं क्योंकि वे चुनावी राजनीति के जरिए भाजपा और राजग को हरा नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब वे लोगों के बीच हमें हरा नहीं पाए, तो उन्होंने दूसरे तरीके आज़माने शुरू कर दिए। कांग्रेस और पूरा इंडिया गठबंधन, लोकतंत्र को 'गुंडा तंत्र' में बदलना चाहता है। वे राजनीति को 'रक्त नीति' (खून-खराबे की राजनीति) , लोकतंत्र को 'लूट तंत्र' और लोकतांत्रिक प्रणाली को 'पीड़ा तंत्र' में बदलना चाहते हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘देश को बांटने की पहली साजिश 1905 में लॉर्ड कर्जन ने की थी। दूसरी 1947 में मोहम्मद अली जिन्ना ने की थी। लेकिन आज, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन देश को बांटने एवं इसे अराजकता की आग में धकेलने की तीसरी साजिश की कोशिश कर रहे हैं।’’ चौहान ने दावा किया कि विदेशी ताकतें ऐसे अभियानों को बढ़ावा दे रही हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता चौहान ने वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईआर मरे हुए लोगों और अपने पंजीकृत पते से गये हुए मतदाताओं के नाम हटाने के लिए जरूरी था। उन्होंने कहा कि लगभग तीन करोड़ मतदाता अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले, जबकि 6.3 करोड़ अपनी पिछली जगहों से चले गए थे। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर मतदाता सूची में गैर-कानूनी प्रविष्टियों बचाने के लिए विशेष गहन परीक्षण पर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर मतदाता सूची में गैर-कानूनी अप्रवासी के नाम शामिल करके चुनावी फायदा उठाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, ‘‘जो लोग हमारे देश के नागरिक नहीं हैं, चाहे वे बांग्लादेश से आए हों या कहीं और से, क्या उन्हें यहां रहने दिया जाना चाहिए? क्या घुसपैठियों को देश से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए?’’ चौहान ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर गैर-कानूनी अप्रवासी के लिए पहचान के कागजात का इंतज़ाम करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘अखिलेश यादव, आप आधार कार्ड बनवाने की फैक्टरी चला रहे हैं। क्या यह देश कोई गेस्ट हाउस है जहां कोई भी आकर रह सकता है? हम अपने देश से प्यार करते हैं। भाजपा और राजग इस देश से प्यार करते हैं, लेकिन मैं कहूंगा कि इंडिया गठबंधन को घुसपैठियों से प्यार है।’’ चौहान ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा,‘‘आप झूठे आरोप लगा रहे हैं और झूठी बातें बना रहे हैं। आप अपने ही कामों की वजह से हारते रहते हैं। आपको देश की राजनीति की कोई समझ नहीं है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब समाजवादी पार्टी की सरकार यहां सत्ता में थी, तो क्या लोग सुरक्षित थे? गुंडा राज इतना हावी था कि लोग शाम पांच बजे के बाद अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर देते थे। आपने कमीशन, अपराध और भ्रष्टाचार वाली सरकार चलाकर उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया।’’ चौहान ने कांग्रेस पर बार-बार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया तथा आपातकाल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव के आसपास के कानूनी घटनाक्रम का जिक्र किया।





