पुणे के फ्लैट में फंदे से लटकी मिली आईटी कर्मचारी महिला, पति गिरफ्तार; परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

पुणे, ,एजेंसी। महाराष्ट्र के पुणे में 34 वर्षीय एक महिला का शव एक फ्लैट में फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर सोने की मांग को लेकर उसे परेशान करने का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पायल जांबरे पाटिल के रूप में हुई है, जिसकी शादी अक्षय जांबरे पाटिल से हुई थी और उनकी एक बेटी है।

पायल पहले आईटी क्षेत्र में काम करती थी, लेकिन बाद में उसने नौकरी छोड़ दी थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि, उसके परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई, और उसके पति तथा ससुराल वालों ने मुकुंद नगर स्थित फ्लैट में उसके शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने पायल के परिजनों के दावे के आधार पर बताया कि रविवार को उसका अपनी सास से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह घर से चली गई थी। इसने कहा कि सोमवार सुबह उसके ससुराल और मायके पक्ष के लोग उसकी तलाश करने लगे, और इस दौरान वह मुकुंद नगर स्थित वैवाहिक आवास के पास एक अपार्टमेंट के फ्लैट में फंदे से लटकी मिली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पायल के चाचा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सास द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और हर दिवाली पर मायके वालों से 10 तोला सोना मांगा जाता था। उन्होंने कहा कि इस साल सूखे जैसी स्थिति के कारण परिवार सोने की मांग पूरी नहीं कर सका और यह अगले साल देने का वादा किया था। स्वारगेट थाने के वरिष्ठ निरीक्षक यशवंत निकम ने बताया कि पायल की सास, ससुर और पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पति अक्षय को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई हैं।