T20 World Cup 2026 में भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट करने पर ICC ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है. काउंसिल ने कहा कि यह फैसला खेल भावना के खिलाफ है और इससे पाकिस्तान क्रिकेट को ही नुकसान होगा. ICC ने PCB से जल्द हल निकालने की अपील की है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप लीग मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है. पीसीबी ने यह कदम बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के फैसले का साथ देने के लिए उठाया है. जबकि नियम यह कहते हैं कि आईसीसी और बीसीसीआई के साथ पाकिस्तान का ‘न्यूट्रल वेन्यू’ पर मैच खेलने का कॉन्ट्रैक्ट है, जिसे तोड़ना गैरकानूनी है.
ICC को लिखित जानकारी का इंतजार
ICC ने अपने बयान में सबसे पहले यह साफ किया है कि अभी तक उनके पास पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कोई आधिकारिक या लिखित जानकारी नहीं आयी है. वे अभी सिर्फ बयानों को देख रहे हैं और PCB की चिट्ठी का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इसके साथ ही ICC ने यह भी कह दिया है कि अगर पाकिस्तान ऐसा करता है, तो यह खेल की मूल भावना के बिल्कुल खिलाफ होगा. किसी भी ग्लोबल टूर्नामेंट का मतलब ही यही होता है कि दुनिया भर की टीमें एक साथ आएं और खेलें. ऐसे में किसी एक मैच से पीछे हट जाना सही नहीं है.
अपनी मर्जी से मैच चुनना गलत
ICC ने अपने बयान में इस बात पर जोर दिया है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट कुछ नियमों पर चलते हैं. यहां सभी टीमें जो क्वालिफाई करके आती हैं, उन्हें बराबर माना जाता है और उन्हें तय शेड्यूल के हिसाब से खेलना होता है. ICC ने समझाया कि कोई भी टीम अपनी मर्जी से यह तय नहीं कर सकती कि वह कौन सा मैच खेलेगी और कौन सा नहीं. यह टूर्नामेंट की ईमानदारी और निष्पक्षता के खिलाफ है. अगर एक टीम अपनी पसंद-नापसंद चलाने लगेगी, तो इससे पूरे टूर्नामेंट का मजाक बन जाएगा और खेल भावना को भी ठेस पहुंचेगी.
फैंस और क्रिकेट का होगा बड़ा नुकसान
ICC ने माना कि वे हर देश की सरकार और उनके फैसलों का सम्मान करते हैं. वे जानते हैं कि कई बार फैसले बोर्ड के हाथ में नहीं होते. लेकिन उन्होंने यह भी याद दिलाया कि क्रिकेट सिर्फ सरकारों का नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस का खेल है. ICC ने कहा कि पाकिस्तान का यह फैसला न तो ग्लोबल क्रिकेट के हित में है और न ही टूर्नामेंट की साख के लिए अच्छा है. सबसे बड़ी बात यह है कि इससे दुनियाभर के करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल टूटेगा, खासकर खुद पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों का जो अपनी टीम को भारत के खिलाफ खेलते देखना चाहते हैं. इसलिए PCB को अपने फैंस के बारे में भी सोचना चाहिए.
पाकिस्तानी क्रिकेट के लिए खतरे की घंटी
ICC ने पाकिस्तान बोर्ड को थोड़े सख्त लहजे में चेतावनी भी दी है. उन्होंने कहा कि PCB को इस फैसले के बुरे नतीजों के बारे में भी सोचना चाहिए. अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मैच का बॉयकॉट करता है, तो इसका असर सिर्फ उस एक मैच पर नहीं पड़ेगा. इसका नुकसान खुद पाकिस्तान क्रिकेट को उठाना पड़ सकता है. साथ ही, पूरा ग्लोबल क्रिकेट इकोसिस्टम, जिससे पाकिस्तान भी जुड़ा है और फायदा उठाता है, उस पर भी बुरा असर पड़ेगा. ICC का इशारा साफ है कि क्रिकेट की दुनिया एक परिवार की तरह है और अगर एक सदस्य नियम तोड़ेगा तो उसे नुकसान झेलना ही पड़ेगा.
आपसी सहमति से हल निकालने की अपील
ICC ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस मामले की गंभीरता को समझेगा. उन्होंने अपील की है कि PCB को सभी हितधारकों यानी स्टेकहोल्डर्स के फायदे को ध्यान में रखना चाहिए. गुस्से या जिद में फैसला लेने के बजाय उन्हें ठंडे दिमाग से सोचना चाहिए और आपसी सहमति से इस समस्या का हल निकालना चाहिए. अब ICC के इस बयान के बाद गेंद पाकिस्तान के पाले में है. यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि ICC की इस समझाइश और चेतावनी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड क्या कदम उठाता है. क्या वे अपनी जिद पर अड़े रहेंगे या फिर क्रिकेट और फैंस की खातिर अपने फैसले को बदलेंगे.





