हवाई टिकट के नाम पर ठगी, विदेशी नागरिकों को बनाते थे निशाना

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-63 पुलिस ने हवाई टिकट बुकिंग के नाम पर विदेशी नागरिकों से धोखाधड़ी करने वाले 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल आदि सामान बरामद किया है। वहीं थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 मोटरसाइकिल व अवैध शस्त्र बरामद किया है।

पुलिस हिरासत में आप जिन अभियुक्तों को देख रहे हैं यह साधारण लोग नहीं बल्कि अच्छे खासे पढ़े-लिखे लोग हैं। इन्हें इंग्लिस के साथ ही स्पेनिस बोलना अच्छे से आता है। ट्रैवल एवं एयरलाइंस बुकिंग के नाम पर ये लोग अमेरिका व यूरोप में गूगल एवं फेसबुक पर पेड विज्ञापन चलाते हैं। इनके विज्ञापन देखकर जब विदेशी नागरिक इन्हें कॉल करते हैं तो ये लोग सस्ते दाम पर टिकट देने की गारंटी देते हैं। विदेशी नागरिक जब इनके विश्वास में आ आते हैं तो ये लोग गेटवे के माध्यम से डॉलर में भुगतान ले लेते है। इसके बाद कुछ लोगों को फर्जी टिकट भेज देते थे और कई लोगों को तो फर्जी टिकट तक नहीं भेजते थे। ज्यादातर टिकट कई माह बाद के होते थे इसलिए  धोखाधड़ी का पता काफी देर से चल पाता था। तब तक अभियुक्त अपने नंबर व सिस्टम बदल देते थे। पुलिस ने इनके पास से 13 लैपटॉप, 16 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को डिजिटल उपकरणों की जांच में करीब 10 करोड़ रुपये के लेनदेन का डाटा प्राप्त हुआ है, जिससे संगठित अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी की पुष्टि होती है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम रवि खुराना, दीपक कुमार, शोभित दीक्षित, दिलीप पांडेय, शुभम चौधरी, अशोक चौधरी, साहिब चौहान, आंचल चौहान, रित्विक राय, हिमांशु मलिक, अजय मलिक, प्रत्यक्ष शर्मा, इन्द्र दत्त शर्मा, जितेश कामरा, जोगेन्द्र कामरा, देव अग्रवाल, आरती, स्वाती रागौर बताए हैं। 

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बाइक चोरी करने के मामले में सोनू हलदर पुत्र मधू हलदर एवं नाजिम पुत्र छोटे लाल को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 11 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इन लोगों पर दिल्ली व नोएडा में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। ये लोग रेकी कर बाइक चोरी करते थे। चोरी की बाइकों को दूसरे जनपदों या राज्यों में सस्ते दामों पर बेच देते थे। उन्होंने बताया कि बरामद बाइकों में चार दिल्ली से चोरी की गई हैं। दिल्ली के विभिन्न थानों में इनकी रिपोर्ट दर्ज है। इसके अलावा अन्य बाइकों की भी जानकारी की जा रही है।