जन प्रवाद ब्यूरो,नोएडा।
इन दिनों भारत से लाखों लोग रोजगार, व्यापार, पढ़ाई, इलाज या घूमने के लिए गल्फ देशों में जाते हैं। दुबई (यूएई) सबसे लोकप्रिय और नजदीकी गंतव्य है। लेकिन किसी भी गल्फ देश में जाने से पहले वीजा बनवाना अनिवार्य होता है। बिना वैध वीजा के यात्रा करना गैरकानूनी है।
पहले तय करें विदेश जाने का उद्देश्य
वीजा बनवाने से पहले यह तय करना जरूरी है कि आप किस काम से जा रहे हैं। इसी आधार पर वीजा का प्रकार तय होता है।
1-टूरिस्ट वीजा
घूमने या फिर अपने दोस्त या रिश्तेदारों से मिलने के लिए टूरिस्ट वीजा बनवाने की आवश्यकता होती है। दुबई, अबू धाबी या दोहा आदि शहरों को घूमने और देखने के लिए आपको वीजा बनवाना आवश्यक है।
2-वर्क वीजा
नौकरी करने के लिए वर्क वीजा बनवाना अनिवार्य होता है। फैक्ट्री, कंपनी, होटल, ड्राइवर, टेक्नीशियन आदि कार्य के लिए अगर आप विदेश जाना चाहते हैं तो आपको वर्क वीजा लेना अनिवार्य होगा।
3-बिजनेस वीजा
अगर आप व्यापार, मीटिंग या किसी भी तरह के निवेश के लिए विदेश जा रहे हैं तो इस स्थिति में आपको बिजनेस वीजा की आवश्यकता होती है।
4-स्टूडेंट वीजा
अगर आप गल्फ कंट्रीज या अन्य किसी दूसरे देश में पढ़ाई या ट्रेनिंग के लिएज् जाना चाहते हैं तो आपको स्टूडेंट वीजा की आवश्यकता होगी।
5- फैमिली/डिपेंडेंट वीजा
अगर आपके परिवार का कोई सदस्य विदेश में नौकरी कर रहा है या फिर पढ़ाई कर रहा है और आप अपने परिवार के सदस्य के साथ रहना चाहते हैं तो आपको फैमिली/डिपेंडेंट वीजा की आवश्यकता होगी।
दुबई (यूएई) जाने के लिए वीजा प्रक्रिया
दुबई जाने के लिए वीजा प्रक्रिया अन्य गल्फ देशों की तुलना में थोड़ी आसान है। आप वीजा बनवाने के लिए दुबई की कोई ट्रैवल एजेंसी, एयरलाइन, दुबई में रहने वाला रिश्तेदार या स्पॉन्सर या भारत की अधिकृत एजेंसी से वीजा बनवा सकते हैं। बता दें कि दुबई का वीजा सीधे दूतावास नहीं बनाता है।
जरूरी दस्तावेज
-पासपोर्ट (कम से कम 6 महीने वैध)
-पासपोर्ट साइज फोटो (सफेद बैकग्राउंड)
-आधार कार्ड / पहचान पत्र
-टिकट (कभी-कभी)
-होटल बुकिंग या स्पॉन्सर का विवरण
-वीजा की अवधि
14 दिन
30 दिन
60 दिन
(सिंगल या मल्टीपल एंट्री)
अन्य गल्फ देशों के लिए वीजा प्रक्रिया
सऊदी अरब
अगर आप सऊदी जाना चाहते हैं तो यहां के लिए वर्क वीजा, उमरा वीजा या टूरिस्ट वीजा बनवा सकते हैं। वर्क वीजा के लिए सऊदी कंपनी से जॉब ऑफर जरूरी है। इसके साथ ही मेडिकल टेस्ट भी अनिवार्य है।
कतर
वर्क वीजा या विजिट वीजा के लिए कतर में स्पॉन्सर होना आवश्यक है। इन देशों में जाने से पहले आपको वहां के नियम आदि भी जानकारी भी होना आवश्यक है। यहां के कई सख्त नियम होते हैं जिनकी जानकारी के अभाव में आपको समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है।
कुवैत
यहां खासकर भारत से लोग नौकरी करने के लिए जाते हैं। इसलिए यहां ज्यादातर लोग वर्क वीजा ही बनवाते हैं। यहां जाने के लिए आपको पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल कराना आवश्यक है।
ओमान और बहरीन
ओमान और बहरीन में खासकर भारतीय लोग घूमने और काम की तलाश में जाते हैं। इसलिए यहां के लिए टूरिस्ट और वर्क दोनों तरह के वीजा बनवाते हैं। अन्य देशों की तुलना में यहां की वीजा प्रक्रिया थोड़ी सरल है। यहां वर्क वीजा के लिए आपको जॉब आॅफर लेटर जरूरी होता है। साथ ही ऑफर लेटर असली और सरकार द्वारा मान्य भी होना चाहिए। इसके अलावा पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जरूरी होते हैं। पासपोर्ट के सााि यहां जाने के लिए पासपोर्ट के अलावा शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त मेडिकल सेंटर से मेडिकल जांच, टीबी, हेपेटाइटिस आदि की जांच अनिवार्य है। साथ ही पासपोर्ट ऑफिस या पुलिस विभाग से पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य है।
ई-माइग्रेट सिस्टम
यहां जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार की ई-माइग्रेट वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। यह मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बेहद अहम होती है।
वीजा स्टाम्पिंग
संबंधित देश के दूतावास या कांसुलेट से पासपोर्ट पर वीजा चिपकाया जाता है ।
वीजा शुल्क (लगभग)
टूरिस्ट वीजा के लिए करीब पांच से छह हजार रुपये लगते हैं। वहीं वर्क वीजा के लिए 20 से 50 हजार रुपये लगते हैं। यह देश और नौकरी पर निर्भर करता है। इसके साथ ही एजेंट की फीस अलग होती है। बहुत से एजेंट फर्जी भी होते हैं उनसे सावधान रहें।
एजेंट से वीजा बनवाते समय सावधानियां
सिर्फ सरकारी मान्यता प्राप्त एजेंट से ही वीजा बनवाएं। बिना वीजा के कभी भी पासपोर्ट जमा न करें। नौकरी के झूठे वादों से सावधान रहें । रसीद और कागजात की कॉपी जरूर लें।
वीजा मिलने के बाद क्या करें?
सबसे पहले फ्लाइट टिकट कन्फर्म करें। साथ ही होटल या रहने की व्यवस्था पक्की करें। जरूरी दस्तावेज की फोटोकॉपी अपने साथ रखें। साथ ही आप जिस देश में जा रहे हैं वहां के नियम और कानून जरूर जान लें ताकि वहां जाकर आपको किसी तरह की समस्या न हो पाए।





