जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-150 में युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मृत्यु के मामले में न्याय एवं प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इसको लेकर पंजाबी विकास मंच के पदाधिकारियों एवं पंजाबी समुदाय के विशिष्ट नागरिकों ने दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टेन विकास गुप्ता से उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उनसे अनुरोध किया कि वे माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक मंच की याचिका पहुंचाकर इस गंभीर प्रकरण में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करवाएं।
उल्लेखनीय है कि 16 जनवरी की रात सेक्टर-150, नोएडा में निर्माणाधीन स्थल पर खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में एक कार गिर जाने के कारण युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल एक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई, बल्कि निर्माण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निगरानी और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मंच का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक अपेक्षित प्रभावी कार्रवाई और जवाबदेही सामने नहीं आई है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता और ठोस कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
प्रमुख मांगें
जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की प्रथमदृष्टया गंभीर विफलताओं के संबंध में जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे तथा अन्य उत्तरदायी अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
इस प्रकरण की जांच के लिए गठित एसआईटी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि घटना के वास्तविक तथ्यों और जिम्मेदारियों को लेकर पारदर्शिता बनी रहे।
मंच का स्पष्ट मत है कि किसी भी नागरिक की जान की कीमत पर प्रशासनिक लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह केवल एक परिवार को न्याय दिलाने का विषय नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी प्रश्न है।
इस अवसर पर पंजाबी विकास मंच के पदाधिकारी एवं पंजाबी समुदाय के विशिष्ट नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जे.एम. सेठ, गुरिंदर बंसल, अजय साहनी, संजय खत्री, दीपक विग, अंजना भागी, कर्नल ए.के. तारा (वीर चक्र, 1971 युद्ध), मेजर सोहन सिंह बग्गा, हेमंत डोगरा, वी. सहगल एवं दिनेश कुमार शामिल थे।





