जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने आज उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद अपना अनुष्ठान पूरा किया। नोएडा सहित दिल्ली एनसीआर में यमुना नदी समेत जगह-जगह बनाए गए घाटों में स्वच्छता के साथ-साथ सभी व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिल्ली में तो स्वयं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस चार दिवसीय महापर्व में शिरकत की। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार की राजधानी पटना में व्रत किया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी व्रतियों ने अपना निर्जला व्रत समाप्त किया। इस अवसर पर घाटों का श्रद्धा का छटा देखते ही बनी।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को छठ पूजा के अंतिम और चौथे दिन पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिव्य पर्व सभी व्रतधारी श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद देता है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि छठ के भव्य त्योहार का चार दिवसीय अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने इस पर्व को प्रकृति को समर्पित एक दिव्य उत्सव बताया। उन्होंने लिखा कि दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। पीएम मोदी ने छठी मैया से देश भर के सभी व्रत रखने वाले भक्तों और अपने परिवार के सदस्यों पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की राजधानी पटना से इतर छठ महापर्व मनाया। उन्होंने मुंगेर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राज्य के जशपुर में छठ महापर्व में भाग लिया। इसके अलावा भाजपा सांसद रवि किशन ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छठ महापर्व मनाया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा के अनुष्ठानों में भाग लेने के बाद पत्रकारों को बताया कि वे हर साल अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में लोक आस्था का महापर्व मनाने और आशीर्वाद लेने आते हैं। उन्होंने कहा कि आज के शुभ अवसर पर सूर्य देव की पूजा करने और सभी का आशीर्वाद लेने आए हैं। विशेष रूप से व्रत रखने वाली माताओं व महिलाओं का आशीर्वाद मांगा।

सांसद रवि किशन ने गोरखनाथ मंदिर परिसर के भीम सरोवर में सुबह का अर्घ्य देने के बाद कहा कि छठी मैया का आशीर्वाद अविश्वसनीय है। उन्होंने माताओं और बहनों को पूजा करते देख खुशी व्यक्त की। उन्होंने दुनिया भर में अनुष्ठान करने वाले भक्तों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पर्व के अंतिम दिन सोनिया विहार घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। नोएडा शहर में गिझौड़ गांव में छठ पर्व की छटा देखते ही बनी। यहां सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं इस महापर्व को देखने वाले श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।





