जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिहार की नीतीश सरकार ने पटना के चित्रगुप्त नगर में नीट की छात्रा से हुई दरिंदगी मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की है। शनिवार को डिप्टी सीएम एवं सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से पटना में हुई नीट छात्रा की हतया के मामले में सीबीआई जांच का आग्रह किया है। घटना की पारदर्शी तरीके से जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

बता दें कि बिहार पुलिस इस मामले में अभी तक खाली हाथ है। 17 दिन बीत जाने के बाद पुलिस किसी भी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। मृत छात्रा के परिजन एसआईटी जांच पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस सही दिशा में काम नहीं कर रही है। शुक्रवार को पीड़िता की मां ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात भी की थी। डीजीपी के आवास से निकलने के बाद वे काफी आक्रोशित दिखाई दी थीं। उनका कहना था कि उनकी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। पुलिस बिकी हुई है।

उनकी मां और भाई ने मीडिया से वार्ता के दौरान बताया था कि डीजीपी का कहना है कि छात्रा ने आत्महत्या की है उनके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। पीड़ित परिवार के वकील भी जांच से संतुष्ट नहीं हैं। बताया जा रहा है कि एफएसएल की जांच रिपोर्ट में मृत छात्रा के अंत:वस्त्र से पुरुष स्पर्म के अवशेष मिले हैं। एसआईटी डीएनए टेस्ट की कार्रवाई कर रही है। अब तक 25 से 30 लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं।





