पंजाब में प्रवासी मजदूरों पर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस, प्रवासी संगठनों में रोष

जन प्रवाद ब्यूरो।
नोएडा। महाराष्ट्र के बाद अब पंजाब में यूपी-बिहार के मजदूरों पर अत्याचार का मामला सामने आया है। बिहार के मजदूरों पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में दो से तीन नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया है। इन लोगों ने पंजाब के मोगा जिले में तब हमला किया जब एक राइस मिल के मजदूर खाना खाने के लिए बाहर निकले थे। घटना के बाद से प्रवासी मजदूर संगठनों में आक्रोश है।  जानकारी के अनुसार तीन नकाबपोश बदमाशों ने राइस मिल से बाहर निकले मजदूरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने तीन से चार गोलियां चलाईं, जिनमें दो मजदूर घायल हुए हैं। लोगों का कहना है कि शायद इस घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की गई होगी। बताया तो यह भी जा रहा है कि बंबीहा गैंग ने प्रवासी लोगों को धमकी भी दी है।


हमले में घायल मजदूरों की पहचान अशोक और सुबोध के रूप में हुई है। दोनों लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। दोनों मेगा के सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि दोनों राइस मिल में काम करते हैं। 11 बजे के करीब ये लोग खाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान ये दोनों बदमाशों के शिकार हो गए। पंजाब पुलिस की मानें तो इसे हेट क्राइम नहीं माना जा सकता है। इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर डाला गया है और हमले को जायज बताने की कोशिश की गई है।
बताया जा रहा है कि होशियारपुर में एक बच्ची से रेप की घटना हुई थी। जिसमें वहां के मूलनिवासी प्रवासियों को जिम्मेदारी मान रहे हैं। वीडियो में कहा गया है कि यूपी और बिहार के लोगों ने पंजाब पर कब्जा कर लिया है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। धमकी में कहा गया है कि इन लोगों को पंजाब से जाना होगा। इसके साथ ही गांवों के सरपंचों को भी धमकी दी गई है। जिसमें कहा गया है कि प्रवासियों को गांव में न रखा जाए।