जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। अहमदबाद स्थित नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आज साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच टी-20 वर्ड कप का 13वां मैच खेला गया। मैच इतना रोमांचक हुआ कि दर्शकों को सांस थामने पर मजबूर होना पड़ा। एक नहीं बल्कि दो-दो सुपर ओवर हुए। अंतत: दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 4 रनों से हरा दिया।

बता दें कि बुधवार को अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने करो या मरो के मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने भी अंतिम ओवर में 187 रन बना लिए। गुरबाज ने शानदार 84 रनों की पारी खेली। मैच टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर खेलना तय हुआ। पहले सुपर ओवर में रिजल्ट नहीं निकला वह भी टाई हो गया। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बना लिए। हालांकि, दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने एक ओवर में 23 रन बनाए, जिसे अफगानिस्तान की टीम नहीं बना सकी। साउथ अफ्रीका ने 4 रनों से मुकाबला जीत लिया। हालांकि, इस हार के साथ ही अफगानिस्तान के विश्व कप में आगे जाने की संभावनाएं कम हो गई हैं।
गौरतलब है िक साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 188 रनों का लक्ष्य रखा है। 12 रन पर कप्तान एडन मारक्रम का विकेट गिरने के बाद क्विंटन डी कॉक और रायन रिकल्टन ने शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को संभाला। डी कॉक ने 59 तो रिकल्टन ने 61 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद साउथ अफ्रीका थोड़ा लड़खड़ाया, लेकिन अंत में वह 187 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। राशिद खान ने 2 तो अजमतुल्ला उमरजई ने 3 विकेट लिए। अफगानिस्तान ने भी 187 रन बना लिए और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।





