जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा, (कपिल चावला)
अमरोहा की धनौरा विधानसभा के खादर क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री वितरण का सिलसिला जारी है। भाजपा विधायक राजीव तरारा लगातार बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया।
अमरोहा जनपद की धनौरा विधानसभा के खादर क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव से जनजीवन प्रभावित है। कई गांवों में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों की खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा विधायक राजीव तरारा लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। विधायक ने अब तक एक दर्जन से अधिक गांवों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों के बीच 50 किलो वजन वाले 5 हजार से अधिक राशन पैकेट वितरित किए हैं।

इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ से हुए नुकसान और मौजूदा हालात की जानकारी ली। विधायक राजीव तरारा का कहना है कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। विधायक ने राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया।





