जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में लगातार मिशन सहयोग के तहत पुलिस को कामयाबी मिल रही है। इसी क्रम में ‘मिशन सहयोग’ के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सर्विलांस सेल एवं सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम हुए करीब 21 लाख कीमत के 104 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद फोन को उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। 
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन भीड़-भाड़ वाले स्थानों, साप्ताहिक बाजारों, दो-पहिया वाहन चलाते समय अथवा सुबह-शाम टहलते समय कहीं गिर गए थे या ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो एवं ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान छूट गए थे। इन सभी मोबाइल फोनों के संबंध में ग्रेटर नोएडा जोन के विभिन्न थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। सर्विलांस सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं सीईआईआर पोर्टल की सहायता से इन मोबाइल फोनों को सफलतापूर्वक बरामद किया गया। इसके बाद उनके स्वामियों की पहचान कर उन्हें सुपुर्द कर दिए गए। खोए हुए फोन पाकर सभी व्यक्तियों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की सराहना की।
मिशन सहयोग से मिली कामयाबी, गायब हुए 104 मोबाइल फोन बरामद
20-Sep-2026





