जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्ध नगर में सेवा, जनकल्याण एवं जनभागीदारी के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवारों, प्रमुख स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं सरकारी कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण का संकल्प लिया। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में कुल 2,32,529 दीप प्रज्ज्वलित हुए। इसके अलावा रक्तदान शिविरों में 246 लोगों ने रक्तदान किया। इसके अलावा 340 लाभार्थियों को टूल किट एवं 1560 मरीजों को फल वितरित किए गए।

बता दें कि पीएम मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में सेवा, जनकल्याण एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरण किये गए। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आमजन ने सहभागिता करते हुए सेवा एवं जनकल्याण का संदेश दिया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को अभियान से जोड़ा गया। जनपद में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित 1,85,039 लाभार्थी परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

धार्मिक स्थलों पर जले सेवा संकल्प के दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को केवल लाभार्थी परिवारों तक सीमित न रखते हुए जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, मॉन्यूमेंट, मंदिरों, मठों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को भी इससे जोड़ा गया। विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर समाज में सेवा, सद्भाव, जनकल्याण एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जन सामान्य द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की गई। इस प्रकार जनपद में 2383 प्रमुख प्रोजेक्ट घाट मंदिर स्कूल आदि स्थानों पर 47490 दीप तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों सहित जनपद में कुल 232529 दिए प्रज्ज्वलित किए गये।

रक्तदान शिविरों में 246 लोगों ने किया रक्तदान
सेवा दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। जनपद में कुल 21 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 246 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में भागीदारी कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

340 लाभार्थियों को टूल किट
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से जुड़े पात्र लाभार्थियों को टूल किट का वितरण भी किया गया। जनपद में कुल 340 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं कौशल आधारित कार्य करने वाले लाभार्थियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके कार्य को प्रोत्साहित करना तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
1,560 मरीजों को बांटे फल
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों सहित निजी अस्पतालों में मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान कुल 1,560 मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा मरीजों के प्रति सेवा, संवेदना एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।






