पाकिस्तान विस्फोट : पाकिस्तान की एक मस्जिद में आत्मघाती विस्फोट, 16 लोगों की मौत, कई घायल

पेशावर, एजेंसी। पाकिस्तान के कोहाट जिले में पुलिस लाइन के निकट स्थित एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले में स्थित पुरानी पुलिस लाइन के निकट बनी मस्जिद में हुआ। प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कोहाट पुलिस लाइन की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हमले में मारे गये लोगों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। समाचार चैनल ‘जियो न्यूज’ ने जिला मुख्यालय अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से अपनी खबर में बताया कि विस्फोट के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गये जबकि 50 से अधिक घायलों को भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से ज्यादातर नमाजी थे। उसने बताया कि विस्फोट से मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया। ‘रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा’ के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के अनुसार, सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि घायलों में से कई लोगों को प्रारंभिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। प्रवक्ता ने कहा कि बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का आकलन कर रहे हैं।