जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-24 पुलिस ने चोरी व स्नेचिंग करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार शातिर अभिक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 22 चोरी के दुपहिया वाहन, स्नेचिंग किए गए 31 मोबाइल फोन, नकदी व अवैध शस्त्र बरामद किए हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर दो-पहिया वाहन चोरी व मोबाइल स्नेचिंग करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुतों ने विक्की यादव उर्फ मोटा पुत्र राम शंकर,करण नागर पुत्र मुकेश नागर, रविन्द्र पुत्र सियाराम एवं विश्वा महतो उर्फ राजा पुत्र रमाकान्त महतो को थाना सेक्टर-24 व थाना खोड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 22 दो-पहिया वाहन, स्नेचिंग किए गए 31 मोबाइल फोन, 2500 नकदी व तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने विक्की यादव, रविन्द्र, विश्वा महतो के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया है। 
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रैकी कर सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल व स्कूटी की चोरी करते थे। चोरी किए वाहनों को बदल-बदलकर प्रयोग करते थे। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल फोन स्नेचिंग करते थे। अभियुक्तों द्वारा चोरी किए गए दो-पहिया वाहनों की पहचान से बचने के लिए उन्हें सुनसान स्थानों जैसे जंगल व झाड़ियों में छिपा दिया जाता था और स्नेचिंग किए गए कुछ मोबाइल फोनों को सस्ते दामों में राहगीरों को बेच देते थे। कुछ मोबाइल फोन अभियुक्त विश्वा महतो बिहार ले जाकर अच्छे दामों में बेच देता था। इससे मिली धनराशि को आपस में बांट लेते थे।
शातिर अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार, 22 बाइक व 31 मोबाइल बरामद
20-Sep-2026





