युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश बताया जा रहा कारण

जन प्रवाद, ब्यूरो। कपिल चावला
अमरोहा (यूपी)। जनपद अमरोहा नगर में देर रात गोली मारकर एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाई खाना में अफान नाम के युवक को गोली मारी गई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाई खाना में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अफान नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक का कुछ दिन पहले विवाद हुआ था, जिसका बाद में फैसला हो गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक सितंबर की रात अफान को गोली मार दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव समेत जनपद के आला अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मृतक को कितनी गोलियां लगी हैं और हत्या की असली वजह क्या है, यह जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।