जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब द्वारा पांचवीं वार्षिक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। नोएडा मीडिया क्लब द्वारा आयोजित फोटो प्रदर्शनी में दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों के करीब 40 फोटो जर्नलिस्ट ने अपने कैमरों से खींची गईं सुंदर, जीवंत और मनमोहक तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में फोटो पत्रकारिता, डॉक्यूमेंट्री और स्ट्रीट फोटोग्राफी से जुड़ी तस्वीरों के माध्यम से समाज और जीवन के अलग-अलग रंगों को प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटो जर्नलिस्टों की मेहनत, रचनात्मकता और उनके कैमरे के माध्यम से समाज को देखने के नजरिए को सामने लाना रहा। फोटो जर्नलिस्ट के कैमरे में कैद एक तस्वीर कई बार उस पल की पूरी कहानी, भावनाओं और सच्चाई को शब्दों से कहीं अधिक प्रभावशाली ढंग से सामने रख देती है।
बता दें कि नोएडा मीडिया क्लब द्वारा प्रत्येक वर्ष विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष पांचवीं फोटो प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े फोटो जर्नलिस्टों की चुनिंदा तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में प्राकृतिक सौंदर्य, सामाजिक सरोकार, जनजीवन, संस्कृति, शहर की बदलती तस्वीर और घटनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को कैमरे की नजर से प्रस्तुत किया गया।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, महासचिव जयप्रकाश सिंह एवं कोषाध्यक्ष मनोज वत्स के नेतृत्व में आयोजित इस फोटो प्रदर्शनी को शहर के गणमान्य लोगों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों का भी उत्साहपूर्ण समर्थन मिला। इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली, नोएडा एंटरप्रिन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) के अध्यक्ष विपिन मल्हन, फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, सपा प्रवक्ता राघवेन्द्र दुबे, युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, आर्या फैशन्स की संस्थापक एवं सीईओ डॉ. खुशबू सिंह, किसान नेता अशोक चौहान सहित दिल्ली-एनसीआर के अनेक फोटो जर्नलिस्ट, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट नीरज कुमार, इंदरनील सेन, संजय रावत, अम्लान पालीवाल, प्रेम सिंह, मो. जाकिर, ध्रुव कुमार, के. आसिफ और बनी स्मिथ सहित अनेक फोटो पत्रकार मौजूद रहे। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्टों की मौजूदगी ने प्रदर्शनी को और विशेष बना दिया। उन्होंने युवा और साथी फोटो पत्रकारों के कार्यों को देखा तथा फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की।
अतिथियों ने फोटो जर्नलिस्टों द्वारा खींची गई तस्वीरों को बारीकी से देखा और उनकी रचनात्मकता तथा मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि फोटो पत्रकारिता समाज की वास्तविक तस्वीर को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। एक फोटो जर्नलिस्ट घटनास्थल पर मौजूद रहकर जिस क्षण को अपने कैमरे में कैद करता है, वह तस्वीर आने वाली पीढ़ियों के लिए उस दौर का दस्तावेज भी बन जाती है।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट दिन-रात मेहनत करके समाज, देश और दुनिया में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को अपने कैमरे में कैद करते हैं। उनकी तस्वीरें न केवल खबरों को प्रभावशाली बनाती हैं, बल्कि इतिहास के महत्वपूर्ण पलों को भी सुरक्षित रखने का काम करती हैं। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित यह प्रदर्शनी इन्हीं फोटो जर्नलिस्टों के समर्पण, साहस, रचनात्मकता और कला को सम्मान देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि नोएडा मीडिया क्लब भविष्य में भी फोटो पत्रकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और उनकी कला एवं प्रतिभा को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन करता रहेगा।





