जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। संसद में महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष का समर्थन नहीं मिलने पर भाजपा सड़कों पर उतर आई है। मंगलवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पैदल मार्च निकाला गया। इससे पूर्व सीएम योगी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। मंगलवार को 5 कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के आवास से शुरू हुआ पैदल मार्च सिविल हॉस्पिटल होते हुए हजरतगंज और वहां से विधानभवन तक महिलाओं का जनाक्रोश मार्च निकला।

इस दौरान महिलाओं ने सपा-कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने दोनों पार्टियों को महिला विरोधी बताया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आदि पदाधिकारीगण मौजूद रहे। जनाक्रोश मार्च से पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के महिला विरोधी आचरण के कारण देश की महिलाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस जन विरोधी हैं इसलिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस मार्च में शामिल होना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यूपी और देश की महिलाओं को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्सव मनाने से रोक दिया।





