शराबियों से तंग महिलाओं का प्रदर्शन, शराब का ठेका बंद कराने की मांग तेज

जन प्रवाद, ब्यूरो। ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 के पास मॉल के अंदर खुले शराब के ठेके ने आसपास के लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। शराबी मॉल के बाहर गाड़ियों के अंदर शराब पीते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। प्रशासन से बार-बार शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में महिला व पुरुषों में गेट पर आकर प्रदर्शन किया और ठेके को बंद कराने की मांग की। 

आप जिस मॉल के पास महिला और पुरुषों की भीड़ देख रहे हैं यह लोग सेक्टर की किसी समस्या से परेशान नहीं बल्कि यहां खुले शराब के ठेके से परेशान हैं। सेक्टरवासियों का आरोप है कि जब से इस मॉल के अंदर ठेका खुला है शराबियों ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। लोेग यहां आकर शराब खरीदते हैं और गेट के बाहर ही गाड़ियों में बैठकर पीना शुरू कर देते हैं। इसके बाद यहां से निकल रहीं महिलाओं व युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। 

इस समस्या को लेकर सेक्टरवासियों ने पहले तो प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की। इसके बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यहां ठेका बंद किया जाए। प्रशासन ने यहां स्कूलों से ज्यादा शराब के ठेके खोल दिए हैं जिससे यहां अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। सुनिए इस बारे में लोगों का क्या कहना है।