जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। महिला एशिया कप में भारत ने दबदबा कायम रखा। टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराया आठवीं बार खिताब जीता। सबसे बड़ी बात यह रही की भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। चैम्पियन बनने के बाद भी हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने ट्रॉफी नहीं ली। इसका कारण पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी रहे।
एशिया कप के घटनाक्रम की यादें ताजा
2025 में हुए एशिया कप के घटनाक्रम की यादें एक बार फिर ताजा हो गई। भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को आईना दिखा दिया। महिला टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। बता दें कि नकवी एशिया क्रिकेट परिषद यानी एसीसी के अध्यक्ष भी हैं। इससे पहले भारत ने 2025 में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था तब भी कप्तान सूर्या ने नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं ली। नकवी स्टेडियम से खाली हाथ बाहर जाते दिखाई दिए। ऐसे में यह दूसरा मौका जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच से पीसीबी प्रमुख की घोर बेइज्जती हुई है। ट्रॉफी न लेने के मामले में भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने इसे बीसीसीआई का रुख बताया। मजूमदार ने कहा कि टीम इंडिया को बड़े बोर्ड पर चैंपियन घोषित किया जाना ही काफी है। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है, हम चैंपियन हैं। यही काफी है। बता दें कि नकवी के बाहर जाते समय स्टेडियम में मौजूद लोगों ने उनके खिलाफ नारे भी लगाए। नकवी एसीसी प्रमुख होने के अलावा पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। फाइनल मैच के अधिकारियों और श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल देने के बाद पुरस्कार समारोह में समाप्त हो गया।
महिला टीम ने किया शानदार प्रदर्शन
मैच की बात करें तो भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराकर आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। भारत ने दुबई में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका को 72 रनों से हराया। यहां सबसे गौर करने वाली बात यह है कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़े। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 111 रन पर आॅलआउट हो गई।
सर्वाधिक आठ बार जीता खिताब
भारत महिला टीम के लिए यह जीत इसलिए ऐतिहासिक रही क्योंकि भारत ने सर्वाधिक आठ बार खिताब अपने नाम किया है। भारत ने 2004, 2005, 2006, 2008 में वनडे प्रारूप यह ट्राफी जीती। इसके अलावा 2012, 2016, 2022 और 2026 में टी20 प्रारूप में एशिया कप अपने नाम किया है। उसे 2018 और 2024 में फाइनल में हार मिली थी। इस जीत के बोर में कहा जा सकता है कि भारत ने श्रीलंका से अपनी पुरानी हार का बदला चुकता कर लिया। कुल मिलाकर देखा जाए भारतीय महिला टीम 10 बार एशिया कप के फाइनल में पहुंची है। जिसमें से उसने आठ बार जीत हासिल की है।
महिला क्रिकेट टीम को दी बधाई
पीएम मोदी ने एशिया कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में इस जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताया। पीएम मोदी ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम के आत्मविश्वास, निरंतर शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन जज्बे की झलक देखने को मिली। उन्होंने महिला टीम की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे देश के लिए प्रेरणादायक बताया। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह जीत देशभर के लाखों युवाओं को क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ने तथा अपने प्रदर्शन से नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। इसी तरह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर टीम की तारीफ करते हुए कहा कि भारत ने एशियाई क्रिकेट में एक और उपलब्धि हासिल की है। अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने पूरे देश को रोमांचित किया। लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का रास्ता तैयार किया।





