जनता दर्शन में महिला ने मांगी गाय, आदित्यनाथ ने दिव्यांग की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के दिए निर्देश

लखनऊ, एजेंसी। सीतापुर के हरगांव स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री से मिलीं और गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताते हुए और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। एक सरकारी बयान के मुताबिक, पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास अभी पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त गाय मिलने से वह दूध आदि की बिक्री कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि पूनम को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता भी दिलाई जाए। मुख्यमंत्री ने पूनम की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि सरकार उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाएगी। उन्होंने गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा की सराहना भी की। ‘जनता दर्शन’ के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और पीड़ित को यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।