जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। देश का मौसम तेजी से बदलने वाला है। इसका सबसे बड़ा कारण एक नया पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। इसके चलते उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों से लेकर हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों तक झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कई राज्यों में आंधी और तूफान आने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि जहां पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर पश्चिम में बारिश और आंधी तूफान की संभावना है, वहीं कमजोर मानसून के कारण दक्षिण बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में गर्मी और लू का असर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 22 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ गरज और चमक होगी।

कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाण, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी धूल भरी आंधी, बिजली गिरने के साथ ही 50 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि अल नीनो के कारण उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटका, ओड़िसा, गुजरात, रास्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र सहित 12 राज्यों में मानसून पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसलिए केंद्रीय मंत्री ने इन राज्यों के 326 संवेदनशील जिलों के लिए वैकल्पिक कृषि योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इन राज्यों में वर्षा कम होगी।





