पश्चिम बंगाल व तमिलनाडु में रिकॉर्ड मतदान

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नई दिल्ली। बुधवार को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हो रहे चुनाव के बीच कई जगह झड़पों की खबरें आ रही हैं। वहीं मतदान ने तो इस बार रिकार्ड ही तोड़ दिया। दोपहर एक बजे तक पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड 62.18 प्रतिशत हुआ जबकि तमिलनाडु में 56.81 प्रतिशत मतदान हुआ। उम्मीद जताई जा रही है कि पश्चिम बंगाल में 70 प्रतिशत के पार वोटिंग होगी। 


बता दें कि पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर मतदान जारी है। वहीं तमिलनाडु में 234 सीटों पर मतदान जारी है। दोनों ही प्रदेशों में मतदान प्रतिशत काफी ज्यादा है। उम्मीद है कि दोनों ही प्रदेशों में मतदान प्रतिशत 70 के पार जाएगा। बताया जा रहा है कि मुर्शिदाबाद के नाओदा में हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी के समर्थकों और टीएमसी के लोगों में मारपीट हुई है।

हालांकि, केंद्रीय बलों के तुरंत दखन देने से हालात संभल गए। बताया जा रहा है कि टीएमसी के लोगों ने उन्हें शिबनगर गांव के बूथ पर घेर लिया। उन्हें भाजपा का एजेंट बताते हुए उनके कार पर पथराव किया गया। मुश्किल से हुमायूं कबीर वहां से बचकर निकल पाए। हुमायूं का आरोप है कि टीएमसी की मदद से वोटरों को धमकाया जा रहा है।