सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक पर बवाल, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सड़क पर नमाज पढ़ने पर लगी पाबंदी और अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर रविवार को कोलकाता के पार्कसर्कस में जमकर बवाल हुआ। पुलिस को हालात काबू करने के लिए प्रदर्शनकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया, जिसमें कम से 10 जवानों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने हिंसक झड़प के मामले में अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। 
जानकारी के अनुसार सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पार्कसर्कस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने  कहा कि धार्मिक नारों की आड़ में किसी भी तरह की गुंडागर्दी और पत्थरबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा।


हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने एक्शन शुरू किया। इसके बाद करीब 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने घायल जवानों से भी मुलाकात की। उन्होंने कश्मीर का जिक्र करते हुए उपद्रवियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी की घटनाएं कश्मीर में खत्म हो चुकी हैं और अब इसे बंगाल में भी हर हाल में खत्म करना होगा। लोगों को आक्रामकता को देखते हुए पार्कसर्कस सेवन प्वाइंट क्रॉसिंग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। सोमवार को भी भारी पुलिस बल और सीआरपीएफ ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर गश्त की जा रही है। 


बता दें कि हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने पर पाबंदी लगा दी थी। साथ ही अजान और ईद पर कुर्बानी को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की गई थीं। इसके अलावा कोलकाता में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी शुरू किया गया था। खबरों के अनुसार रविवार को इन्हीं फैसलों के विरोध में पार्कसर्कस सेवन प्वाइंट क्रॉसिंग के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। बता दें कि यह कोलकाता का सबसे व्यस्तम चौराहों में से एक है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और नारेबाजी की। जब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की तो हालात बेकाबू हो गए। भीड़ की तरफ से पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ की बस सहित कई सरकारी वाहनों पर पत्थर फेंके गए। स्थिति पर काबू पाने और ट्रैफिक बहाल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।