जनप्रवाद ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक परिर्वतन के बाद आखिरकार नए मुख्यमंत्री का ऐलान भी हो गया। गृहमंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के लिए 8 नामों के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें सभी नाम शुभेंदु अधिकारी के मिले हैं। बता दें कि कोलकाता में जारी बीजेपी विधायक दल की बैठक में भी शुभेंदु अधिकारी को पार्टी ने अपना नेता चुन लिया।
यह बैठक गृहमंत्री अमित शाह और मोहन चरण माझी की मौजूदगी में हुई। इस बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है। शुभेंदु अधिकारी कल यानी 9 मई को सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बता दें कि 9 मई का दिन बंगाल के लिए बेहद खास है, क्योंकि इस दिन रवींद्र जयंती मनाई जाती है। इसी शुभ अवसर पर राज्य की पहली बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भवानीपुर में ममता बनर्जी को मात देने वाले शुभेंदु के साथ दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाने की चर्चा है, जिससे राज्य में नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं। बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद शाह सीधे पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठकों में शामिल हुए, जहां सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई।





